महात्मा गांधी के सत्य-अहिंसा और लाल बहादुर शास्त्री के सादगी व राष्ट्रसेवा के आदर्शों को विद्यार्थियों ने किया याद
चौपारण (हजारीबाग) / नितिश केशरी। प्रखंड के रानीक मोड़ स्थित ज्ञान कुंज इंटरनेशनल स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, गरिमा और देशभक्ति के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों और आदर्शों को याद किया।

सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के उप प्रधानाचार्य नंदकिशोर कुमार ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण, तिलक एवं पुष्प अर्पित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के जीवन और उनके राष्ट्र के प्रति योगदान से परिचित कराया।
नंदकिशोर कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और मानवता के संदेश को समाज तक पहुंचाया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री अपने सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के लिए सदैव याद किए जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी, जबकि शास्त्री जी ने सादगी और दृढ़ नेतृत्व के जरिए देश की सेवा की। शास्त्री जी का संदेश ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी देश के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्रनिर्माण की भावना की प्रेरणा देता है।
पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में श्रद्धा, देशभक्ति और प्रेरणा का माहौल बना रहा। विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार ने गांधी जी एवं शास्त्री जी के आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह और सचिव सर्वजीत कुमार सिंह ने शिक्षकों एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में एडमिन हेड प्रमोद कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह, लेखपाल आशीष कुमार, शिक्षक अंकित कुमार, संगीत कुमार, सौरभ कुमार, रिंकी कुमारी, अंजली राणा, मानसी मोदी, मेहविश अशरफ, प्रकाश यादव, नागो साव सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसे भी पढ़े: दो जलमीनारें बनीं शोपीस, बूंद-बूंद पानी को तरस रहा सजोट
इसे भी पढ़े: रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, हटिया से मुंबई और बेंगलुरु की स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल जारी
इसे भी पढ़े: भेलवारा पंचायत से उठी लोकतंत्र बचाओ की हुंकार, कांग्रेस पार्टी ने अधिकारों की लड़ाई तेज करने का लिया निर्णय
इसे भी पढ़े: बच्चों की मामूली लड़ाई में चली चाकू, युवक गंभीर, थाना प्रभारी की तत्परता से कुछ घंटे में आरोपी गिरफ्तार








