संविधान और मतदाता अधिकारों की रक्षा को लेकर पंचायतों तक पहुंचेगा कांग्रेस का जनजागरण अभियान
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत शुक्रवार को विष्णुगढ़ के भेलवारा पंचायत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत अध्यक्ष चेतलाल महतो ने की, जबकि संचालन पंचायत प्रभारी सुरेश मंडल ने किया। बैठक में संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा को लेकर जनजागरण अभियान को क्षेत्र में और तेज करने का निर्णय लिया गया।
बैठक का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी का साहस व सादगी और लाल बहादुर शास्त्री का आत्मनिर्भरता का संदेश आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। नेताओं ने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है।
मतदाता पुनरीक्षण को लेकर निर्वाचन आयोग पर सवाल
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश में संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नेताओं ने मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नेताओं के अनुसार, प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में उमड़ रही भीड़ से भी लोगों की परेशानियों का अंदाजा लगाया जा सकता है। मतदाता संबंधी कार्यों और आवश्यक दस्तावेजों के लिए लोगों को बार-बार कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ रहा है।

हर पंचायत तक पहुंचेगा लोकतंत्र बचाओ अभियान
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र बचाओ सप्ताह की शुरुआत भेलवारा पंचायत से की गई है। अब अभियान को क्षेत्र की अन्य पंचायतों तक ले जाया जाएगा। कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर लोगों को संविधान, मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। बैठक के अंत में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अभियान को और तेज करने का संकल्प लिया गया।
बैठक में प्रखंड अध्यक्ष गुरु प्रसाद साव, प्रखंड प्रभारी तारकेश्वर महतो, मंडल प्रभारी विशेश्वर प्रसाद स्वर्णकार, मंडल अध्यक्ष संजय कुमार महतो, पंचायत प्रभारी सुरेश मंडल, पंचायत अध्यक्ष चेतलाल महतो, महादेव मंडल, संतोष कुमार, भुवनेश्वर महतो, युवा उपाध्यक्ष दिनेश मंडल, प्रकाश कुमार, गांगो महतो, मिथिलेश कुमार महतो, लालजी महतो, भागीरथ महतो, बुधन महतो, मुख्तार अंसारी समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।







1 thought on “विष्णुगढ़: भेलवारा पंचायत से उठी लोकतंत्र बचाओ की हुंकार, कांग्रेस पार्टी ने अधिकारों की लड़ाई तेज करने का लिया निर्णय”