समिति, दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने संभाली जिम्मेदारी, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयारियां तेज
इटखोरी (चतरा)। छठ महापर्व के आगमन से पहले ऐतिहासिक मां भद्रकाली मंदिर परिसर स्थित छठ घाट को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की पहल शुरू हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार को मां भद्रकाली छठ घाट पर सामूहिक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत घाट परिसर और आसपास के हिस्सों से गंदगी हटाकर साफ-सफाई की गई।
मां भद्रकाली शिक्षा एवं विकास केंद्र के अध्यक्ष प्रकाश राम की मौजूदगी में आयोजित इस अभियान में छठ पूजा महासमिति के पदाधिकारियों, समिति सदस्यों, स्थानीय दुकानदारों, पुजारियों और क्षेत्र के लोगों ने भागीदारी निभाई। सभी ने श्रमदान कर पर्व से पहले घाट को स्वच्छ बनाने का संदेश दिया।
इस दौरान प्रकाश राम ने कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि स्वच्छता, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का भी पर्व है। घाट की पवित्रता बनाए रखना किसी एक समिति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने दुकानदारों और श्रद्धालुओं से अपील की कि कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और घाट परिसर को गंदा होने से बचाएं।
उन्होंने बताया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समिति की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पूजा के दौरान आवश्यक सुविधाओं और बेहतर व्यवस्था को लेकर तैयारियां भी जारी हैं।
अभियान में छठ पूजा समिति के अध्यक्ष दीपक गिरी हिंदुस्तानी, उपाध्यक्ष अमित तिवारी, सचिव पुनीत राहुल चौरसिया, कोषाध्यक्ष रवि कुमार रतन शर्मा के अलावा युगेश्वर दांगी, सुधीर राय, दिलीप साव, सतीश सिंह, सन्नी सिंह, भरत साव, गुड्डू राम और विजय चौरसिया सहित बाजार समिति के सदस्य, दुकानदार एवं पुजारी शामिल हुए।







