ईचाक के डाढ़ा पंचायत भवन में लगा विधिक जागरूकता शिविर, टोल फ्री नंबर 15100 के जरिए घर बैठे मिलेगी कानूनी सलाह
हजारीबाग। आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और मुफ्त कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को ईचाक प्रखंड के डाढ़ा पंचायत भवन में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, हजारीबाग की ओर से विधिक सेवा दिवस के अवसर पर सप्ताहभर चलने वाले जागरूकता अभियान के तहत यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।
शिविर में डिप्टी चीफ एलएडीसीएस विकास सोनी ने ग्रामीणों को विभिन्न कानूनों, कानूनी अधिकारों और नालसा-झालसा की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यालय में आवेदन देकर लोग अपनी कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि छोटे-मोटे विवादों को अदालत तक ले जाने के बजाय मध्यस्थता केंद्र के माध्यम से आपसी बातचीत और समझौते से सुलझाने का प्रयास किया जाता है। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होती है।
ग्रामीणों को टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए बताया गया कि इस नंबर पर घर बैठे मुफ्त कानूनी सलाह ली जा सकती है। स्थानीय मुखिया ने भी जरूरत पड़ने पर विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करने की अपील की। अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों में शिविर लगाए गए। कार्यक्रम में अधिकार मित्रों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।







1 thought on “ईचाक: एक आवेदन से मिल सकता है कानूनी समाधान, ग्रामीणों को दी गई मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी”