सीआईबी मालदा और बरहरवा आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, स्लीपर कोच एस-4 के रूफ प्रोटेक्टर से बरामद हुई 30 लीटर से अधिक व्हिस्की
बरहरवा (साहिबगंज) / अमर कुमार। ट्रेनों के जरिए शराब की अवैध तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी सफलता हासिल की है। मालदा टाउन से रवाना हुई 15743 अप फरक्का एक्सप्रेस के स्लीपर कोच के शौचालय की छत (रूफ प्रोटेक्टर) से आरपीएफ की अपराध आसूचना शाखा (CIB) मालदा और आरपीएफ बरहरवा की टीम ने लावारिस हालत में छिपाकर रखी गई 81 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 30.375 लीटर आंकी गई है, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य ₹21,870 है।
टिल्डंगा स्टेशन के पास शौचालय से आ रही थी तेज गंध
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरपीएफ को ट्रेनों के माध्यम से अवैध शराब परिवहन की पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर सीआईबी मालदा की टीम एएसआई आर.एस. यादव, हेड कांस्टेबल स्वपन कुमार घोष और हेड कांस्टेबल नूपुर बरन मिद्या ने ट्रेन एस्कॉर्ट पार्टी के साथ 15743 अप फरक्का एक्सप्रेस में सघन जांच अभियान शुरू किया।
ट्रेन जब टिल्डंगा रेलवे स्टेशन के समीप से गुजर रही थी, तभी जांच दल ने स्लीपर कोच संख्या S-4 (कोच पहचान संख्या ER/172213/C) की पड़ताल की। कोच के बरहरवा छोर पर स्थित शौचालय के पास पहुंचते ही जवानों को शराब की तीखी गंध महसूस हुई। संदेह गहराने पर जब शौचालय के ऊपरी हिस्से यानी रूफ प्रोटेक्टर को खोला गया, तो अंदर दो सफेद रंग के हैंड-कैरी बैग छिपाकर रखे मिले।
यात्रियों से की गई पूछताछ, कोई दावेदार नहीं आया सामने
बैग मिलने के तुरंत बाद आरपीएफ टीम ने कोच के यात्रियों से पूछताछ कर बैग के मालिक का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन किसी भी व्यक्ति ने इस पर अपना दावा नहीं किया। तस्कर संभवतः आरपीएफ की सक्रियता भांपकर पहले ही खिसक चुके थे या फिर इसे गुप्त तरीके से गंतव्य तक पहुंचाने की फिराक में थे।
इसके बाद, ट्रेन के बरहरवा रेलवे स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार और अन्य सुरक्षा कर्मियों के सहयोग से दोनों संदिग्ध बैगों को सुरक्षित रूप से प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर उतारा गया।
375 एमएल की 81 बोतलें बरामद, कानूनी कार्रवाई शुरू
प्लेटफॉर्म पर जब दोनों बैगों को खोलकर तलाशी ली गई, तो उनमें ‘ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की’ की 375 एमएल वाली कुल 81 बोतलें पाई गईं (एक बैग से 41 और दूसरे से 40 बोतलें)। प्रत्येक बोतल पर ₹270 अंकित मूल्य दर्ज था।
अवैध रूप से छिपाकर परिवहन की जा रही इस शराब को सीआईबी मालदा के एएसआई आर.एस. यादव द्वारा विधिवत जब्ती सूची बनाकर रात 21:05 से 21:35 बजे के बीच जब्त कर लिया गया। जब्त विदेशी शराब की खेप को आगे की कानूनी प्रक्रिया और उत्पाद विभाग को सुपुर्दगी हेतु आरपीएफ पोस्ट प्रभारी बरहरवा को सौंप दिया गया है। आरपीएफ अब इस गिरोह से जुड़े तस्करों का सुराग लगाने में जुट गई है।








1 thought on “साहिबगंज: ट्रेन के टॉयलेट की छत में छिपाकर ले जाई जा रही थी विदेशी शराब, आरपीएफ ने बरहरवा में पकड़ी 81 बोतलें”