उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में विभिन्न पशुधन एवं गव्य विकास योजनाओं की समीक्षा,प्रखंडों से अनुशंसित लाभुकों की सूची को मिली स्वीकृति
साहिबगंज। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत पात्र लाभुकों के चयन एवं विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय समिति (DLC) की बैठक उपायुक्त श्री दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत एवं अस्वीकृत आवेदनों तथा प्रतीक्षा सूची की विस्तृत समीक्षा करते हुए लाभुकों के चयन एवं अनुमोदन की प्रक्रिया पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान गव्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। इनमें दो, पांच एवं दस दुधारू गाय-भैंस वितरण योजना, हस्तचालित एवं विद्युत चालित चैफ कटर, मिल्किंग मशीन, पनीर एवं खोवा निर्माण मशीन, वर्मी कंपोस्ट, डीप बोरिंग तथा काउ मैट योजना शामिल हैं। विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त आवेदनों एवं प्रखंड स्तरीय समितियों द्वारा अनुशंसित सूचियों के आलोक में समेकित लाभुक सूची जिला स्तरीय समिति के समक्ष अंतिम चयन एवं अनुमोदन के लिए प्रस्तुत की गई।इसी क्रम में पशुपालन विभाग के अंतर्गत संचालित बकरा विकास योजना, सूकर विकास योजना, बैकयार्ड लेयर कुक्कुट पालन, ब्रायलर कुक्कुट पालन, बत्तख चूजा वितरण एवं भेड़ पालन योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई।प्रखंड स्तरीय समितियों द्वारा अनुशंसित लाभुकों की समेकित सूची पर विचार-विमर्श के पश्चात जिला स्तरीय समिति द्वारा सूची का अनुमोदन किया गया।बैठक में योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आजीविका को सुदृढ़ करने, पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने तथा स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार करने पर विशेष जोर दिया गया। इन योजनाओं का उद्देश्य पशुपालकों एवं किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उनकी आय में वृद्धि के अवसर उपलब्ध कराना है।बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए संजय कुमार दास, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार झा सहित जिला स्तरीय समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संवाददाता साहिबगंज







1 thought on “साहिबगंज: मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत लाभुकों के चयन एवं अनुमोदन को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित”