साहिबगंज। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला योजना कार्यालय, साहेबगंज से संबंधित कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25, 2025-26, 2026-27 एवं CSR मद जिला विकास शाखा के अंतर्गत विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों द्वारा संचालित योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने एनआरईपी, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, भवन प्रमंडल, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल तथा जिला योजना पदाधिकारी से संबंधित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत अनाबद्ध निधि से स्वीकृत कुल 48 योजनाओं में से 46 पूर्ण तथा 2 अपूर्ण पाई गईं। इनमें ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल की 15 में से 14, एनआरईपी की 7 में से 6 योजनाएँ पूर्ण हैं। वहीं, जिला योजना पदाधिकारी की 18, जिला खेल पदाधिकारी की 2, भवन प्रमंडल की 2, नगर परिषद की 1 तथा जिला मत्स्य कार्यालय की 3 योजनाएँ पूर्ण कर ली गई हैं।वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 70 योजनाएँ स्वीकृत हैं, जिनमें से 42 पूर्ण तथा 28 अपूर्ण हैं। एजेंसीवार समीक्षा में एनआरईपी की 57 में से 30, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल की 4, भवन प्रमंडल की 3 तथा जिला योजना पदाधिकारी की 4 योजनाएँ पूर्ण पाई गईं। ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल की 2 योजनाओं में से 1 पूर्ण एवं 1 अपूर्ण है। इसके अतिरिक्त, वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत स्वीकृत 72 योजनाओं का कार्य प्रगति पर बताया गया।उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को अपूर्ण योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने, योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा आवंटित राशि का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं का लाभ आमजनों तक समय पर पहुँचाने के लिए कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया।बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए संजय कुमार दास, जिला योजना पदाधिकारी अनुप कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक उर्मिला हांसदा सहित संबंधित कार्यकारी एजेंसियों के पदाधिकारी, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता उपस्थित थे।
संवाददाता साहिबगंज
इसे भी पढ़े: मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत लाभुकों के चयन एवं अनुमोदन को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित






