Home झारखंड बिहार देश-विदेश खेल मनोरंजन राजनीति

विष्णुगढ़: जरूरतमंद क्षेत्रों में पहुंचे विकास का लाभ, योजनाओं के चयन में उपयोगिता को प्राथमिकता देने पर जोर

विष्णुगढ़ में सोलहवें वित्त आयोग के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजनाओं के चयन को लेकर पंचायत समिति की बैठक हुई। जरूरतमंद क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी उपयोगी योजनाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया...
Published: Sep 13, 2026  •  Updated: Sep 13, 2026
HIGHLIGHTS
- ADVERTISEMENT -

विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में सोलहवें वित्त आयोग के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजनाओं के चयन एवं निर्धारण को लेकर पंचायत समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख जैबून निशा ने की, जबकि संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी मधुश्री मिश्रा ने किया।

बैठक में सोलहवें वित्त आयोग से प्राप्त राशि के सदुपयोग तथा प्रखंड क्षेत्र में आवश्यकता के अनुरूप विकास योजनाओं के चयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पंचायत समिति सदस्यों से उनके-अपने क्षेत्रों की प्राथमिकता वाली योजनाओं की जानकारी ली गई। इस दौरान सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता समेत ग्रामीणों की मूलभूत जरूरतों से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

प्रखंड प्रमुख जैबून निशा ने कहा कि सरकारी राशि जनता की सुविधा और क्षेत्र के विकास के लिए आती है। ऐसे में इसका बेहतर और पारदर्शी तरीके से सदुपयोग होना जरूरी है। उन्होंने पंचायत समिति सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की अत्यंत जरूरी और उपयोगी योजनाओं को ही प्राथमिकता के आधार पर नामांकित करें, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद ग्रामीणों तक पहुंच सके।

बीडीओ मधुश्री मिश्रा ने कहा कि योजनाओं के चयन में प्रखंड के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखना आवश्यक है। निर्धारित मापदंडों का पालन करते हुए ऐसी योजनाओं का चयन किया जाए, जो वर्तमान जरूरतों को पूरा करने के साथ भविष्य में भी ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित हों। उन्होंने कहा कि सभी पंचायत समिति सदस्यों के क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का निर्धारण किया जाना चाहिए।

उन्होंने पंचायत समिति सदस्यों से योजनाओं के चयन में पारदर्शिता, आवश्यकता और उपयोगिता को प्रमुख आधार बनाने की बात कही। बैठक में सदस्यों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं और आवश्यक विकास कार्यों को लेकर सुझाव रखे।

बैठक के अंत में झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य सोनू के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया गया। सभागार में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद बैठक का समापन किया गया।

बैठक में बीडीओ मधुश्री मिश्रा, प्रखंड प्रमुख जैबून निशा, उप प्रमुख सरयू साव, पंचायत समिति सदस्य घनश्याम पाठक, महताब हुसैन, मुन्नी देवी, राजो देवी, प्रमुख प्रतिनिधि बेलाल अंसारी, अजय कुमार मंडल समेत कई पंचायत समिति सदस्य उपस्थित थे।

इसे भी पढ़े: विष्णुगढ़: जर्जर मिट्टी-खपरैल का मकान हुआ धराशायी, एक साल से ननद के घर रह रही थी पीड़िता, सरकारी आवास की लगाई गुहार

- ADVERTISEMENT -

Nitish Keshri

नितिश केशरी झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण निवासी हैं। वे पिछले पाँच वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। मनोरंजन के साथ-साथ राजनीति, समाज, शिक्षा और समसामयिक विषयों पर भी वे नियमित रूप से लेखन करते हैं। उनकी लेखन शैली सटीक जानकारी और सरल भाषा के लिए जानी जाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

झारखंड

1 thought on “विष्णुगढ़: जरूरतमंद क्षेत्रों में पहुंचे विकास का लाभ, योजनाओं के चयन में उपयोगिता को प्राथमिकता देने पर जोर”

Leave a Comment