घर से निकली 25 वर्षीय सुनीता देवी का कई दिनों से सुराग नहीं, परिजन बेहाल; तलाश में जुटी पुलिस।
रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर खोजबीन बेनतीजा, जानकारी देने वालों से संपर्क करने की अपील।
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। थाना क्षेत्र के डुंगो गांव से 25 वर्षीय विवाहिता सुनीता देवी के लापता होने से परिजन गहरी चिंता में हैं। पति पप्पू ठाकुर की पत्नी सुनीता देवी बीते दिनों घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के संभावित ठिकानों पर उनकी काफी तलाश की, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इसके बाद परिजनों ने विष्णुगढ़ थाने में लिखित शिकायत देकर पुलिस से महिला की तलाश करने की गुहार लगाई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
घर से निकलीं, फिर नहीं लौटीं
जानकारी के अनुसार, सुनीता देवी बिना किसी को बताए घर से बाहर निकली थीं। देर शाम तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। पहले अपने स्तर से उनकी खोजबीन की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। महिला के अचानक लापता होने से परिवार के लोग परेशान हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी मिलने पर परिजनों को करें सूचित
परिजनों ने आम लोगों से सुनीता देवी की तलाश में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को सुनीता देवी के बारे में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दें, तो तत्काल नजदीकी थाने को सूचित करें अथवा मोबाइल नंबर 7050171804 पर संपर्क करें। परिजनों को उम्मीद है कि आम लोगों के सहयोग से सुनीता देवी का पता लगाने में मदद मिलेगी।






