साहिबगंज / अमर कुमार। आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने शनिवार को विभिन्न पदाधिकारियों के साथ साहिबगंज शहरी क्षेत्र के गंगा तट स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शकुंतला सहाय घाट से लेकर चानन घाट तक लगभग 3 से 4 किलोमीटर के संपूर्ण क्षेत्र का जायजा लिया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य छठ महापर्व के दृष्टिकोण से घाटों की सुरक्षा का आकलन करना, गंगा नदी के जलस्तर, घाटों की भौगोलिक स्थिति एवं इस वर्ष हुए कटाव की स्थिति का निरीक्षण करना था।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बिजली घाट, शकुंतला सहाय घाट, मुक्तेश्वर घाट, ओझाटोली घाट, मलाही टोला घाट, चानन घाट एवं कबूतर खोपी घाट सहित विभिन्न घाटों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घाटों का समुचित आकलन कर सुरक्षित एवं असुरक्षित घाटों को स्पष्ट रूप से चिह्नित किया जाए। प्रथम दृष्टया असुरक्षित अथवा खड़े एवं गहरे कटाव वाले तट (स्टैंडिंग क्लिफ) के रूप में प्रतीत होने वाले घाटों को छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन एवं उपयोग के लिए प्रतिबंधित किया जाए।उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन घाटों को सुरक्षित पाया जाता है, वहां पूरे क्षेत्र में मजबूत एवं पर्याप्त बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को नदी के गहरे पानी अथवा खतरनाक स्थानों तक जाने से रोका जा सके। उन्होंने घाटों की सीढ़ियों से मिट्टी एवं अन्य अवरोधों को हटाने, साफ-सफाई, समुचित प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। ओझाटोली घाट की स्थिति के संबंध में उपायुक्त ने बताया कि प्रथम दृष्टया यहां पानी की गहराई अचानक बढ़ती हुई प्रतीत होती है। ऐसे में संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि बांस के माध्यम से पानी की गहराई का वास्तविक मापन कर स्थिति का आकलन करें। इसके बाद घाट को प्रतिबंधित करने अथवा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। जिला उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को घाटों पर पर्याप्त संख्या में चौकीदार, गोताखोर एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस प्रशासन को भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं आपातकालीन सेवाओं की समुचित तैयारी रखने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने जिलेवासियों एवं छठव्रतियों से अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जिन घाटों को असुरक्षित घोषित किया जाएगा, उनका उपयोग छठ महापर्व के दौरान किसी भी परिस्थिति में नहीं करें। गंगा नदी का साहिबगंज क्षेत्र में विस्तृत तटीय क्षेत्र उपलब्ध है, जहां श्रद्धालु अपनी सुविधानुसार सुरक्षित घाटों का चयन कर सकते हैं। श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा प्रतिबंधित घाटों पर जाने से बचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता विजय कुमार,अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू, नगर प्रशासक अभिषेक कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
इसे भी पढ़े: बरहरवा में होगा हॉफ मैराथन दौड़ का आयोजन, प्रथम विजेता को मिलेगा 51 हजार रूपए का पुरस्कार






1 thought on “छठ महापर्व को लेकर जिला उपायुक्त ने विभिन्न गंगा घाटों का किया निरीक्षण, कहा-श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता”