पेंदरवा गांव के दो युवक थे सवार; हादसे के बाद अस्पताल में मची चीख-पुकार, पसरा मातम
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के नरकी मोड़ पर शनिवार देर शाम भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क किनारे खड़ी 407 वैन से बाइक की जोरदार टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अभिषेक रविदास को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल युवक का इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नरकी पंचायत के पेंदरवा निवासी सोनू रविदास, पिता रामप्रसाद रविदास और अभिषेक रविदास, पिता नेमचंद रविदास बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान नरकी मोड़ के समीप सड़क किनारे खड़ी 407 वैन से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत-बचाव कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अभिषेक की जान नहीं बचाई जा सकी। इस दर्दनाक घटना से पेंदरवा गांव में मातम पसरा है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि घायल सोनू के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।








1 thought on “खड़ी वैन से टकराई तेज रफ्तार बाइक, एक युवक की दर्दनाक मौत, दूसरा जिंदगी और मौत से जूझ रहा”