नेहा राज हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, अवैध संबंध और बदले की भावना में हुआ मर्डर

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतका नेहा राज के पति शंभू राणा और देवंती राणा के बीच अवैध संबंध था। इसी बात को लेकर विवाद और बदले की भावना में हत्या की साजिश रची गई...

Nitish Keshri
4 Min Read

36 घंटे के भीतर पुलिस ने सुलझाया चर्चित हत्याकांड, पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

कोडरमा। कोडरमा थाना क्षेत्र के मिटको कॉलोनी में नेहा राज की निर्मम हत्याकांड मामले का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अवैध संबंध और बदले की भावना में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने मामले में रोहित राणा, उसकी पत्नी देवंती राणा और मृतका के पति शंभू राणा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि 14 मई को नेहा राज की निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद कोडरमा थाना कांड संख्या 92/26 दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया और त्वरित जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज से मिला बड़ा सुराग

एसपी ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह एवं डीएसपी रतिभान सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की। जांच के दौरान कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक महिला और पुरुष को मृतका के घर की ओर जाते और वहां से निकलते देखा गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सलैया निवासी रोहित राणा और उसकी पत्नी देवंती राणा को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

अवैध संबंध बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतका नेहा राज के पति शंभू राणा और देवंती राणा के बीच अवैध संबंध था। इसी बात को लेकर विवाद और बदले की भावना में हत्या की साजिश रची गई। आरोपी रोहित राणा ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर पहले नेहा राज का गला दबाया और बाद में चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी ताकि उसकी मौत सुनिश्चित हो सके। घटना के दौरान देवंती राणा बाहर निगरानी कर रही थी।

हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, घटना के समय पहने गए कपड़े, इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किया गया हैं। हालांकि मृतका का मोबाइल फोन अब तक बरामद नहीं हो सका है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस जांच में आगे की कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि मृतका नेहा राज के पति शम्भू राणा को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी देवंती देवी ने शंभू पर जबरन अवैध संबंध बनाने का आरोप लगाया है जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।

पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना मामला

नेहा राज हत्याकांड के खुलासे के बाद पूरा इलाका स्तब्ध है। अवैध संबंध को लेकर इस तरह की हत्या की घटना से लोग हैरान हैं। वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई और 36 घंटे के भीतर मामले के खुलासे की चर्चा भी इलाके में हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के बाद कॉलोनी में भय और दहशत का माहौल बना हुआ था। पुलिस द्वारा जल्द खुलासा किए जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।

इसे भी पढ़े: चौपारण में फलाहारी बाबा के बैकुंठ उत्सव पर दो दिवसीय विशेष पूजा, 22 मई को महाभंडारा

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

⚠️
Craft Samachar: कंटेंट सुरक्षित है।