स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत अधिकारियों-कर्मचारियों ने चलाया जागरूकता अभियान, पर्यटन स्थल को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल रखने का लिया संकल्प
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार, 27 सितंबर को दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) कोनार बांध परियोजना परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस)-2026’ अभियान के तहत स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। परियोजना प्रधान राणा रणजीत सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कोनार डैम परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया और लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जलस्रोतों को साफ-सुथरा रखने के प्रति जागरूक किया।

विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर कोनार डैम की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं को रेखांकित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि किसी भी पर्यटन स्थल की खूबसूरती केवल प्राकृतिक संसाधनों से नहीं, बल्कि वहां की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ी होती है। इस दौरान परिसर को स्वच्छ रखने के साथ पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों से भी कूड़ा-कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने और जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने की अपील की गई।
परियोजना प्रधान राणा रणजीत सिंह ने दूरभाष के माध्यम से कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या अभियान तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी और दैनिक जीवन का हिस्सा है। कोनार डैम जैसे प्राकृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखने के लिए सामूहिक सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने के साथ प्राकृतिक संसाधनों तथा जलस्रोतों का संरक्षण भी सभी की साझा जिम्मेदारी है। स्वच्छ और सुंदर वातावरण से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र की पहचान भी मजबूत होती है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ‘स्वच्छ कोनार-सुंदर कोनार’ का संदेश देते हुए स्वच्छता ही सेवा अभियान को सफल बनाने और कोनार डैम परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखने का संकल्प लिया।
इसे भी पढ़े: विष्णुगढ़: कलश यात्रा के साथ मां मनसा पूजा का आगाज, आधी रात पट खुलते ही उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़








1 thought on “विष्णुगढ़: विश्व पर्यटन दिवस पर कोनार डैम में गूंजा स्वच्छ कोनार-सुंदर कोनार का संदेश”