रिपोर्टर: पिंटू यादव
बरही (हजारीबाग)। बरही स्थित अवर निबंधन कार्यालय में जमीन की रजिस्ट्री और दस्तावेजों के निष्पादन में हो रही लगातार देरी को लेकर विधायक मनोज कुमार यादव एक्शन मोड में नजर आए। ग्रामीणों और डीड राइटरों से मिली गंभीर शिकायतों के बाद विधायक ने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसडीओ सह प्रभारी अवर निबंधन पदाधिकारी जोहन टुडू से मुलाकात कर आम जनता को आ रही दिक्कतों पर कड़ी नाराजगी जताई और पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता लाने का निर्देश दिया।
भेदभाव और पेंडेंसी पर जताई आपत्ति
विधायक मनोज कुमार यादव ने बताया कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि निबंधन कार्यालय में कुछ चुनिंदा लोगों के दस्तावेजों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जा रहा है, जबकि आम लोगों और कई डीड राइटरों की फाइलें लंबे समय तक लंबित रखी जा रही हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सरकारी दफ्तर में किसी व्यक्ति विशेष को वीआईपी ट्रीटमेंट देने के बजाय सभी नागरिकों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए। जो भी दस्तावेज सिस्टम के माध्यम से आ रहे हैं, उनका निपटारा नियमानुसार ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होना चाहिए।
लापरवाही से जनता को मानसिक व आर्थिक नुकसान
अधिकारियों से वार्ता करते हुए विधायक ने कहा कि जमीन की रजिस्ट्री आम लोगों के जीवन का एक बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य है। इसमें अनावश्यक देरी होने से लोगों को न केवल आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, बल्कि वे मानसिक रूप से भी परेशान होते हैं। उन्होंने प्रभारी पदाधिकारी को निर्देश दिया कि कार्यालय की कार्यप्रणाली को तुरंत दुरुस्त किया जाए और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित हो।
अधिकारी ने दी सफाई
विधायक की इस औचक कतरब्योंत पर सफाई देते हुए एसडीओ सह प्रभारी अवर निबंधन पदाधिकारी जोहन टुडू ने कहा कि कार्यालय में प्रतिदिन औसतन 5 से 10 रजिस्ट्री के मामले आते हैं, जिनका हर रोज निपटारा किया जा रहा है। हालांकि, विधायक ने अधिकारी की दलीलों के बीच आम जनता के अनुभवों को सर्वोपरि रखते हुए व्यवस्था में तुरंत सुधार करने पर जोर दिया।
इस मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष किशुन यादव, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, जिला परिषद प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि भगवान केशरी, मंडल अध्यक्ष नागेश्वर रजक, मनितोष यादव और राजेश केशरी उर्फ मेवालाल सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और डीड राइटर उपस्थित थे।
इसे भी पढ़े: देवघर: एम्स में लेखक डॉ. प्रवीण कुमार प्रणव ने डॉ. ग़ज़ल अहमद और डॉ. अंकित को भेंट की ‘ब्लड ग्रुप’ पुस्तक








2 thoughts on “बरही निबंधन कार्यालय में विधायक मनोज यादव का औचक निरीक्षण; बोले- ‘रजिस्ट्री में भेदभाव बर्दाश्त नहीं, सबको मिले समान प्राथमिकता”