Barhi (Hazaribagh): हजारीबाग पुलिस को मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। बरही थाना क्षेत्र के रसोइया धमना गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 697 किलोग्राम अवैध डोडा बरामद किया है। मामले में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
बरही थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर ने बताया कि हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि रसोइया धमना निवासी बंगाली साव उर्फ बबलू साव और सुनील राणा द्वारा अवैध डोडा का भंडारण कर कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर तत्काल विशेष छापेमारी दल का गठन कर कार्रवाई की गई।

मुर्गी फार्म के समीप बने कमरे में छिपाकर रखा गया था डोडा
पुलिस टीम ग्राम रसोइया धमना स्थित बंगाली साव के मुर्गी फार्म हाउस के समीप बने एक अल्बेस्टर कमरे तक पहुंची। मौके पर पहुंचने पर कमरा बंद मिला। पुलिस ने मकान मालिक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद कोई उपस्थित नहीं हुआ।
इसके बाद स्थानीय मुखिया और अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया का वीडियो बनाते हुए कमरे का ताला तोड़ा गया। अंदर प्रवेश करने पर प्लास्टिक के बोरों में संदिग्ध सामग्री रखी मिली। जांच करने पर कुल 47 बोरों में डोडा भरा हुआ पाया गया।
47 बोरों में मिला 697 किलो डोडा
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन मंगाकर सभी बोरों का वजन कराया गया। जांच में कुल 697 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ। चूंकि डोडा अवैध मादक पदार्थ की श्रेणी में आता है, इसलिए दो स्थानीय गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जब्ती सूची तैयार कर पूरी खेप को जब्त कर बरही थाना लाया गया।
दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार मामले में रसोइया धमना निवासी बंगाली साव उर्फ बबलू साव, पिता गांगों साव तथा सुनील राणा, पिता कैलाश राणा को आरोपी बनाया गया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में शामिल थे ये अधिकारी
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विनोद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुमित कुमार, कपुल दीपक नाग, सुशील कुमार समेत बरही थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
इसे भी पढ़े: Hazaribagh: बरही में फाइलेरिया जांच के लिए नाइट ब्लड सर्वे, 302 लोगों का लिया गया सैंपल
