Barhi (Hazaribagh): बरही प्रखंड अंतर्गत बरसोत पंचायत के जीतपुर स्वास्थ्य उपकेंद्र अंतर्गत सेंटिनल साइट बरसोंत गांव में बुधवार की रात 10 बजे से विशेष नाइट ब्लड सर्वे (रात्रिकालीन रक्त जांच अभियान) चलाया गया। इस अभियान के तहत 20 वर्ष से अधिक आयु के महिला एवं पुरुषों की फाइलेरिया जांच के लिए कुल 302 रक्त स्लाइड (ब्लड सैंपल) नमूना लिया गया। इस दौरान बरही अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ प्रकाश ज्ञानी ने बताया कि फाइलेरिया के परजीवी (पैरासाइट) रात के समय ही मानव रक्त में सक्रिय रहते हैं। इसी कारण इस बीमारी की सटीक पहचान के लिए रात्रिकालीन जांच की जाती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में यह नाइट ब्लड सर्वे एक महत्वपूर्ण कदम है। यह जांच अभियान अनुमंडलीय अस्पताल बरही के वीबीडी (वेक्टर बॉर्न डिजीज) सुपरवाइजर मो. ईरशाद आलम की निगरानी में आयोजित किया गया। अभियान की गुणवत्ता की निगरानी के लिए राज्य पिरामल टीम के असू राय एवं अर्क राज, जिला वीबीडी सलाहकार मैमूर सुल्तान तथा जिला पिरामल टीम के प्रमोद कुमार भी मौजूद रहे। अभियान में अनुमंडलीय अस्पताल के सीनियर लैब तकनीशियन प्रहलाद कुमार, विष्णु कुमार महतो, शाहिद अली, राहुल कुमार, मृत्युंजय चौरसिया (एमपीडब्ल्यू), संतोष कुमार एवं उपेंद्र कुमार दास ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए कुल 302 रक्त पट्ट (ब्लड स्लाइड) संग्रह किए। वहीं, क्षेत्र की सहिया साथी माया देवी तथा सहिया बबीता देवी, शोभा देवी, वीणा देवी और यशोदा देवी ने ग्रामीणों को जागरूक करने और जांच के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि ऐसे अभियान फाइलेरिया की समय पर पहचान और इसके प्रभावी उन्मूलन में अहम भूमिका निभाते हैं।
इसे भी पढ़े: Giridih: मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना में बकरी वितरण पर विवाद, लाभुकों ने उठाए सवाल
