Chatra: गिद्धौर में कोयला डंपिंग को लेकर खूनी संघर्ष, आधा दर्जन घायल, हजारीबाग-चतरा मुख्य मार्ग जाम

Craft Samachar
2 Min Read

Gidhaur (Chatra): गिद्धौर थाना क्षेत्र के द्वारी बाजारटांड़ स्थित कोयला डंपिंग साइड पर शनिवार को वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों ने लाठी-डंडों और पारंपरिक हथियारों का इस्तेमाल किया। घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें कई को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, द्वारी करमा टांड़ स्थित कोयला डंपिंग स्थल पर किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। शुरुआत में विवाद केवल नोकझोंक और गाली-गलौज तक सीमित था, लेकिन कुछ ही देर में दोनों ओर से दर्जनों लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडों से हुए हमले में कई लोगों के सिर फट गए और उन्हें गंभीर चोटें पहुंचीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

नाराज ग्रामीणों और दूसरे पक्ष के लोगों ने इंदिरा मोड़ के समीप हजारीबाग-चतरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सड़क पर फैले कोयले को हटाने की मांग की। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को घंटों तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से स्थिति को सामान्य करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

इसे भी पढ़े: Hazaribagh: बरकट्ठा पुलिस की बड़ी सफलता, हजारों लीटर अंग्रेजी शराब के साथ चालक दबोचा गया

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

⚠️
Craft Samachar: कंटेंट सुरक्षित है।