झारखंड: राजधानी रांची में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है. कुख्यात गैंगस्टर राहुल दुबे गिरोह के पांच खतरनाक शूटरों को मुठभेड़ के बाद रांची पुलिस ने धर दबोचा है. गिरफ्तार किए गए ये सभी अपराधी हाल के दिनों में शहर और आसपास के इलाकों में हुई कई हाई-प्रोफाइल गोलीबारी की घटनाओं में सीधे तौर पर शामिल थे. यह गिरोह राजधानी में भय का माहौल बनाकर रंगदारी वसूलने और जमीन तथा कोयला कारोबार पर अपना वर्चस्व कायम करने की कोशिश कर रहा था. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया है कि वे रांची के कांके थाना क्षेत्र में एक प्रमुख कोयला व्यवसायी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने की घटना में शामिल थे. इस घटना के बाद इलाके में काफी दहशत फैल गई थी. इसके अलावा हजारीबाग के होटल एके इंटरनेशनल में हुई अंधाधुंध गोलीबारी की वारदात को भी इसी गिरोह के शूटरों ने अंजाम दिया था. दोनों ही घटनाओं का मुख्य उद्देश्य व्यवसायियों को डरा-धमकाकर मोटी रंगदारी वसूलना था.
पूछताछ में हुए चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ के दौरान शूटरों ने कई अहम और चौंकाने वाली जानकारियां दी हैं. शूटरों ने बताया कि वे राजधानी के कई व्यवसायियों और जमीन कारोबारियों और अवैध धंधे से पैसा कमाने वाले लोगों की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रहे थे. उनके निशाने पर धुर्वा का रहने वाला सट्टा कारोबारी से जुड़ा हुआ प्रिंस नाम का एक युवक था, इसके अलावा धर्मवीर नाम का व्यक्ति जो बिल्डर और जमीन कारोबारी है. साथ ही कांके का अनिल जो जमीन कारोबारी शामिल था.
कई लोगों की रेकी की गई थी
इसके अलावा कई लोगों की रेकी की गई थी. वे उनकी हर गतिविधि, आने-जाने के रास्ते और समय की पूरी जानकारी जुटा चुके थे. शूटरों की योजना इन सभी की एक-एक कर सुनियोजित तरीके से हत्या करने की थी ताकि शहर में अपने गिरोह का खौफ कायम किया जा सके, लेकिन इससे पहले की अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देते रांची पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शूटरों की घेराबंदी की. इस दौरान अपराधियों ने पुलिस पर गोलियां चलाईं लेकिन पुलिस मुठभेड़ के बाद पांचों शूटरों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया.पुलिस की इस समय रहते की गई कार्रवाई से रांची और हजारीबाग में गैंगवार तथा कई बड़े हत्याकांड की साजिश विफल हो गई. फिलहाल पुलिस इन अपराधियों के पास से मिले हथियारों की जांच कर रही है और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों की तलाश में छापेमारी जारी है.






