हज़ारीबाग़: जीटी रोड पर मवेशी तस्करी का मामला एक बार फिर सामने आया है. बीती रात चौपारण थाना क्षेत्र के महूदी बारा में ग्रामीणों ने मवेशियों से लदे दो ट्रकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना के बाद इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही. बताया जा रहा है कि मवेशियों से लदे दोनों ट्रक जीटी रोड से गुजर रहे थे. इसी दौरान ग्रामीणों को इसकी भनक लगी और उन्होंने वाहनों को रोककर पकड़ लिया. बाद में दोनों ट्रकों को चौपारण पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया.
ग्रामीणों ने पुलिस को किया कठघरे में खड़ा
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने चौपारण पुलिस पर ही गौ तस्करी को कथित रूप से संरक्षण देने और तस्करी करवाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. ग्रामीणों के इन आरोपों से पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
जीटी रोड पर लगातार सामने आ रहे मवेशी तस्करी के मामलों ने एक बार फिर पुलिस की गश्ती व्यवस्था और तस्करी पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच किस स्तर पर होती है.






