बोकारो: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत नावाडीह प्रखंड के पेंक-नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित डुमरियाटांड़ जंगल में महिला और पुरुष के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. दोनों के शव जंगल में एक पलास के पेड़ से लटके मिले. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों में हलचल मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए.
युवक की हुई पहचान, महिला की शिनाख्त नहीं
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में युवक की पहचान पेंक-नारायणपुर थाना क्षेत्र के धवैया निवासी रामजी मांझी के पुत्र के रूप में हुई है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी. घटनास्थल पर दोनों शवों के चेहरे क्षतिग्रस्त होने और उन पर एसिड जैसे पदार्थ के इस्तेमाल की आशंका भी जताई गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मौके पर पहुंची पुलिस, मोबाइल फोन बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पेंक-नारायणपुर थाना प्रभारी मुकेश दयाल सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. पुलिस इसकी तकनीकी जांच और कॉल डिटेल के जरिए घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है.थाना प्रभारी मुकेश दयाल सिंह के अनुसार, पुलिस मामले की हर संभावित पहलू से जांच कर रही है. मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों और गांवों से भी संपर्क किया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.




