डीनोबिली स्कूल निर्माण के लिए खाली कराए जाएंगे आवास, अवैध कब्जे वाले क्वार्टरों पर भी होगी कार्रवाई
बोकारो/चंद्रपुरा। चंद्रपुरा थर्मल पावर प्लांट के विस्तार और आवासीय कॉलोनी में प्रस्तावित निर्माण कार्यों को लेकर डीवीसी प्रबंधन ने क्वार्टर खाली कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। दुर्गा पूजा समाप्त होने के बाद शनिवार को अधिकारियों की टीम कॉलोनी के हाई स्कूल क्षेत्र पहुंची और आवासों में रह रहे लोगों को जल्द क्वार्टर खाली करने की चेतावनी दी।
प्रबंधन के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में डीनोबिली स्कूल का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। निर्माण कार्य शुरू करने के उद्देश्य से क्षेत्र को खाली कराया जाना है। अधिकारियों ने बताया कि चंद्रपुरा प्लांट के अधिकारियों और कर्मचारियों को दूसरे स्थानों पर क्वार्टर आवंटित किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें आवास संबंधी परेशानी न हो।
डीवीसी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आवासीय कॉलोनी में अवैध रूप से रह रहे लोगों से भी क्वार्टर खाली कराए जाएंगे। इस कार्रवाई को लेकर प्रबंधन गंभीर है और प्रस्तावित निर्माण कार्यों को समय पर शुरू करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
परियोजना प्रधान राम कुमार अनुभवी के नेतृत्व में निकली टीम में एचआर सेक्शन के उपमहाप्रबंधक नीरज सिन्हा, प्लांट के उपमहाप्रबंधक राजीव रंजन ओझा, राजीव रंजन, कंचन स्मिता टोप्पो, मो. ओमेर, आनंद मोहन, केएन सिंह, अमरेंद्र सिंह और श्रीपत हंसदा सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्वार्टर खाली कराने की प्रक्रिया कितनी तेजी से पूरी होती है और प्रस्तावित स्कूल निर्माण कार्य कब शुरू होता है।




