पलामू में हैरान करने वाला मामला: एक ही नंबर पर सड़क पर दौड़ रही थीं दो बुलेट

Craft Samachar
2 Min Read

नौडीहा बाजार (पलामू)। पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर पर चल रही दो बुलेट मोटरसाइकिलों के मिलने से हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नौडीहा पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बीती रात एक सड़क दुर्घटना के दौरान पुलिस को देखकर एक बुलेट चालक वाहन लेकर फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। सोमवार सुबह नौडीहा क्षेत्र से BR02AR-6802 नंबर की एक बुलेट को जब्त किया गया। इसी दौरान ग्रामीणों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि लालगढ़ा पंचायत क्षेत्र में भी इसी नंबर की एक अन्य बुलेट संचालित हो रही है।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस संबंधित घर पहुंची और वहां से भी BR02AR-6802 नंबर वाली दूसरी बुलेट को जब्त कर थाना ले आई। मामले में वाहन चालक सुजीत कुमार यादव से थाना में पूछताछ की जा रही है।

नौडीहा थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि दोनों मोटरसाइकिलों के दस्तावेजों और स्वामित्व संबंधी सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में एक बुलेट सुजीत कुमार यादव की बताई जा रही है, जिसे सेकेंड हैंड खरीदा गया था और उसके दस्तावेज उपलब्ध हैं। वहीं दूसरी बुलेट के संबंध में यह पता लगाया जा रहा है कि वह चोरी की है या किसी अन्य व्यक्ति की है।

थाना प्रभारी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है।

इसे भी पढ़े: लोहरदगा में मानवता की मिसाल: अंधविश्वास के कारण ग्रामीणों ने अर्थी को कंधा देने से किया इंकार, थाना प्रभारी ने निभाई बेटे जैसी जिम्मेदारी

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

⚠️
Craft Samachar: कंटेंट सुरक्षित है।