थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर की तत्परता से आसपास की दुकानों को आग की चपेट में आने से बचाया
तिसरी (गिरिडीह) / मनोज लाल बर्नवाल। दीपावली के दिन दीप जलाकर दुकान बंद कर घर चले जाना एक दुकानदार के लिए भारी पड़ गया। गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के मुख्य द्वार के समीप स्थित मछली दुकान में दीपावली की रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते दुकान से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और दुकान धू-धू कर जलने लगी। आग की भयावह स्थिति को देखते हुए आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, तिसरी थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर की तत्परता और सूझबूझ से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, दीपावली के अवसर पर मछली दुकान के संचालक ने दुकान में दीपक जलाया था। इसके बाद वह दुकान बंद कर अपने घर चला गया। इसी दौरान दीपक से दुकान में आग लग गई। दुकान बंद रहने के कारण शुरुआती दौर में आग पर काबू नहीं पाया जा सका। धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के अंदर रखे सामान जलने लगे। आग की लपटें तेज होने के कारण आसपास की दुकानों के भी इसकी चपेट में आने का खतरा उत्पन्न हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर तत्परता के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आग पर काबू पाने के लिए आवश्यक पहल की। उनकी सूझबूझ और सक्रियता से आग को फैलने से रोकने में मदद मिली। समय रहते कार्रवाई किए जाने से आसपास की दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया। यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो बाजार क्षेत्र में बड़ी घटना हो सकती थी।
दीपावली जैसे पावन पर्व पर हुई इस घटना ने दुकानदारों को भी सतर्क रहने का संदेश दिया है। त्योहार के दौरान दीपक, मोमबत्ती और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। दुकान या प्रतिष्ठान बंद करने से पहले यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि दीपक सुरक्षित स्थान पर हो और उससे आग लगने की कोई आशंका न रहे।






