अल्ट्रासाउंड सुविधा की मांग पर जल्द पहल का भरोसा, हाईमास्ट लाइट दुरुस्त कराने का दिया आश्वासन
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती ने शनिवार को विष्णुगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उपायुक्त के अचानक पहुंचने से अस्पताल परिसर में हलचल रही। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार सिंह उनके साथ मौजूद रहे।

सीएचसी पहुंचते ही उपायुक्त सीधे प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में गए। वहां डॉ. अरुण कुमार सिंह को उपस्थित देखकर उन्होंने प्रसन्नता जताई। इसके बाद दोनों के बीच अस्पताल की कार्यप्रणाली, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
इसके बाद उपायुक्त ने पुरुष वार्ड, महिला वार्ड, चिकित्सकों के कक्ष, ऑपरेशन कक्ष, दवा स्टोर, दंत चिकित्सा कक्ष और मरीजों के वार्ड समेत विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों, साफ-सफाई, चिकित्सा व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने डॉ. अरुण कुमार सिंह को अस्पताल की व्यवस्था और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विष्णुगढ़ सीएचसी को बेहतर स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाए। अस्पताल आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उन्हें समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उपायुक्त ने स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का तत्परता से समाधान करने पर भी जोर दिया।
इस दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार सिंह ने सीएचसी में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। उपायुक्त ने मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए जल्द आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया।
वहीं, अस्पताल परिसर में हाईमास्ट लाइट के नहीं जलने की जानकारी मिलने पर उपायुक्त ने इसे जल्द दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उपायुक्त के औचक निरीक्षण से स्थानीय लोगों में भी स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उम्मीद जगी है। लोगों का कहना है कि सीएचसी की चिकित्सा सुविधाओं और संसाधनों में सुधार होने से विष्णुगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
मौके पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष गुरु प्रसाद साव, विशेश्वर स्वर्णकार, मिठू यादव, परमेश्वर महतो समेत काफी संख्या में स्थानीय लोग एवं अन्य लोग मौजूद थे।
इसे भी पढ़े: खेल से विकसित होती है अनुशासन और नेतृत्व की भावना : डॉ. स्वर्णा मिश्र









1 thought on “विष्णुगढ़ सीएचसी में अचानक पहुंचे डीसी हेमंत सती, वार्ड-दर-वार्ड परखी स्वास्थ्य व्यवस्था”