नावाडीह के 39 वर्षीय राजू राम होटल में करते थे कुक का काम, मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम; परिजनों ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
विष्णुगढ़ (हजारीबाग/मुंबई) / राजेश दुबे। रोजगार की तलाश में मुंबई गए विष्णुगढ़ के एक प्रवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विष्णुगढ़ पंचायत के नावाडीह निवासी 39 वर्षीय राजू राम (भुईंया), पिता तेतर राम (भुईंया) का शव शनिवार की देर रात करीब 12 बजे मुंबई में सड़क किनारे मिला। शव मिलने की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। रविवार को शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेजे जाने की जानकारी है।
मुंबई से आई मौत की खबर ने नावाडीह गांव को झकझोर दिया। घर में सूचना पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। राजू की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर परिजनों के बीच कई सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा अंत्यपरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है।
परिवार की जिम्मेदारी उठाने मुंबई गया था राजू
बताया गया कि परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए राजू राम मुंबई में रहकर एक होटल में कुक का काम करते थे। घर से दूर रहकर मेहनत कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे राजू की अचानक मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। शनिवार की रात से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
राजू राम अपने पीछे मां सुकरी देवी, पत्नी अनिता देवी, 15 वर्षीय पुत्र अनमोल कुमार और 10 वर्षीय पुत्री अंकिता कुमारी को छोड़ गए हैं। परिवार के सामने अचानक आए इस संकट ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
सिकंदर अली ने घर पहुंचकर बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और इस कठिन घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सिकंदर अली ने कहा कि रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों और महानगरों में जाने वाले प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय है। किसी प्रवासी मजदूर की दुर्घटना या संदिग्ध परिस्थिति में मौत होने पर उसके परिवार को तत्काल सूचना, कानूनी सहायता और प्रशासनिक सहयोग मिलना जरूरी है।
उन्होंने प्रवासी मजदूरों के पंजीकरण और उनके आंकड़ों को नियमित रूप से अद्यतन रखने, आपातकालीन सहायता व्यवस्था को मजबूत करने तथा दूसरे राज्यों में संकट की स्थिति में त्वरित प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में प्रवासी मजदूरों के परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए।








1 thought on “मुंबई में विष्णुगढ़ के प्रवासी मजदूर की संदिग्ध मौत, आधी रात सड़क किनारे मिला शव”