बच्चों की प्रतिभा ने बांधा समां, नृत्य-नाटक की प्रस्तुतियों पर देर तक झूमे दर्शक
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। प्रखंड के देवी मंडप परिसर में आयोजित पांच दिवसीय गणेश पूजनोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को बाल नृत्य प्रतियोगिता के दूसरे चरण का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर कार्यक्रम को रंगारंग बना दिया। विभिन्न समूहों के प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। खासकर ग्रुप डांस की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा।

कार्यक्रम के दौरान डीएमडी क्लब के कलाकारों ने महाभारत के प्रसंग द्रौपदी चीरहरण पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से नारी के सम्मान और अन्याय के दुष्परिणाम को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। नाटक समाप्त होते ही महिलाओं सहित उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
इसके बाद कोमल ग्रुप की ओर से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति के माध्यम से आतंकवादी घटना में निर्दोष लोगों की हत्या और उसके बाद भारतीय जवानों की कार्रवाई को मंच पर प्रदर्शित किया गया। नाटक के भावपूर्ण मंचन ने दर्शकों को घटना की याद दिला दी और कलाकारों को खूब सराहना मिली।
बच्चों का बढ़ा उत्साह
पूरे कार्यक्रम के दौरान देवी मंडप परिसर में दर्शकों की भीड़ जुटी रही। महिला, पुरुष और बुजुर्गों ने बच्चों की प्रस्तुतियों का आनंद लेते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। मंच पर बच्चों के आत्मविश्वास और प्रतिभा की दर्शकों ने जमकर प्रशंसा की।
कार्यक्रम का संचालन नीतीश कुमार एवं उनके सहयोगी सनी कुमार ने किया। बाल नृत्य प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में पंकज लाहकार, राजेंद्र प्रसाद सिंह, रोशन पांडेय एवं अंशु कुमारी शामिल रहे।
मौके पर समिति अध्यक्ष शंकर कसेरा, कोषाध्यक्ष संदीप कुमार, उपाध्यक्ष अनूप कुमार, मीडिया प्रभारी संतोष शर्मा, बजरंगी कसेरा, दिनेश शर्मा, विक्रम कुमार, रणधीर कसेरा, सुधीर कसेरा, विजय कसेरा, सोनू सोनी, जशोदा देवी समेत पूजा समिति के सक्रिय सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़े: मांदर की थाप पर झूम उठा हजारीबाग, करम पूर्व संध्या में दिखी आदिवासी संस्कृति की भव्य तस्वीर








1 thought on “विष्णुगढ़: बाल नृत्य प्रतियोगिता के दूसरे चरण में बच्चों ने बिखेरा हुनर, ग्रुप डांस और नाट्य मंचन ने खूब बटोरी तालियां”