मुखिया बिरेंद्र रजक ने संभाली कमान, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वयं कर रहे तैयारियों की निगरानी
चौपारण (हजारीबाग)। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर बच्छई पंचायत के ग्राम डुमरी में तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्व के मद्देनजर गांव स्थित छठ घाट तालाब की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य जोर-शोर से कराया जा रहा है। छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पंचायत स्तर पर विशेष पहल की जा रही है।
पंचायत के मुखिया बिरेंद्र रजक स्वयं छठ घाट पर चल रहे सफाई एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उनकी पहल पर तालाब एवं उसके आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कराई जा रही है, ताकि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
मुखिया बिरेंद्र रजक ने पर्व की महत्ता को देखते हुए घाट की व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया है। छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में घाट की स्वच्छता, सुगम पहुंच और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना पंचायत की प्राथमिकता है। ग्रामीणों ने भी छठ घाट की सफाई एवं सौंदर्यीकरण को लेकर हो रहे प्रयासों की सराहना की है। पंचायत की इस पहल से डुमरी गांव में छठ महापर्व को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है।
इसे भी पढ़े: सुनामी की लहरें बिना चेतावनी मचा सकती हैं तबाही, जागरूकता और सतर्कता से बच सकती हैं लाखों जानें : मुकुंद साव






