हजारीबाग। स्थानीय हजारीबाग स्टेडियम (कर्जन ग्राउंड) स्थित शूटिंग रेंज में चल रहे चार दिवसीय हजारीबाग डिस्ट्रिक्ट सुनील सिन्हा मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप-2026 के दूसरे दिन खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर दिखा। इस मौके पर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने खुद शूटिंग रेंज पहुंचकर आयोजकों और प्रतिभागी शूटरों का हौसला बढ़ाते नजर आए। बतौर मुख्य अतिथि दूसरे दिन सांसद मनीष जायसवाल यहां पहुंचे और निशानेबाजी की शुरुआत करायी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तर, राष्ट्रीत स्तर पर अपनी जगह पक्की करने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने जब 10 मीटर रेंज में खिलाड़ियों को निशाना लगाते देखा, तो वे खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने पहले एक सामान्य हथियार और फिर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस्तेमाल होने वाली अत्याधुनिक राइफल थामी। सांसद मनीष जायसवाल ने अपने शुरुआती एक-दो प्रयासों में ही बेहद सटीक निशाना लगाकर वहां मौजूद सभी लोगों को हैरान कर दिया और खिलाड़ियों की सांसद मनीष जायसवाल के इस अचूक निशाने को देखकर जमकर तालियां बजाई।

इस दौरान नेशनल शूटर सह प्रशिक्षक रिद्धि गुप्ता और रोहित सिंह ने सांसद मनीष जायसवाल को हजारीबाग के उन होनहार शूटरों से मिलवाया, जो राष्ट्रीय स्तर तक अपनी चमक बिखेर चुके हैं। सांसद मनीष जायसवाल ने सभी होनहारों निशानेबाजों की पीठ थपथपाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शूटिंग रेंज पहुंचने पर एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश रंजन और महासचिव नीलेन्दु जयपुरियार ने सांसद मनीष जायसवाल को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस दौरान विभिन्न खेलों के साथ शूटिंग की बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाने पर चर्चा हुई। सांसद मनीष जायसवाल ने शूटिंग रेंज में 25 मीटर और 50 मीटर रेंज डेवलप करने के लिए हर संभव सहयोग देने का पूरा भरोसा दिया। उन्होंने संघ को इस प्रस्ताव के साथ जल्द बैठकर निर्णय लेने हेतु आमंत्रित भी किया। उल्लेखनीय है कि बीते 20 जून को शुरू हुआ यह जिला स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता का भव्य समापन 23 जून को होगा।

उक्त मौके पर शूटिंग एसोसिएशन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहें। जिनमें मुख्य रूप से अजय कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह, सुगातो रॉय, सुनील सिंह, अमरेंद्र सिंह और हेमंत कुमार आदि शामिल रहे।
इसे भी पढ़े: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हजारीबाग यूथ विंग का भव्य योग शिविर सम्पन्न