फेक करेंसी नेटवर्क की जांच के शक में पहुंची टीम, प्रिंटर और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए जाने की सूचना
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग में बुधवार की अहले सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई की। शहर के हरहुरू स्थित शहीद सुभाष बारला मार्ग के बाबा पथ में एनआईए की टीम ने उदय साव और प्रदीप साव के आवास पर छापेमारी की। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के करीब 3 से 4 बजे एनआईए की दो टीमें अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचीं। टीम ने उदय साव और प्रदीप साव के घरों में एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया। दोनों को आपस में रिश्तेदार बताया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। घरों के आसपास सुरक्षाकर्मी तैनात रहे और बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई।
फेक करेंसी नेटवर्क से जुड़ रहे जांच के तार
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, एनआईए की यह कार्रवाई नकली भारतीय मुद्रा (फेक करेंसी) से जुड़े नेटवर्क की जांच के सिलसिले में की गई। हालांकि, जांच के वास्तविक कारणों को लेकर एजेंसी की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
करीब सात घंटे तक चली तलाशी के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, प्रिंटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में एक व्यक्ति को टीम द्वारा अपने साथ ले जाने की भी बात कही गई है। हालांकि, उसकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बिहार से भी जुड़ा बताया जा रहा है परिवार का संबंध
रिपोर्टों के अनुसार, उदय साव और प्रदीप साव मूल रूप से बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनके परिवार के पूर्व में ट्रांसपोर्टिंग और कत्था कारोबार से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है।
एनआईए की इस कार्रवाई के बाद हजारीबाग में मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल जांच एजेंसी की ओर से किसी व्यक्ति की भूमिका, गिरफ्तारी अथवा छापेमारी के पूरे मामले पर विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








