143 वोट पाकर बने नए अध्यक्ष, काशी प्रसाद यादव निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित, पिता के बाद बेटे को मिली पैक्स की कमान
चौपारण (हजारीबाग)। बेला बहुउद्देशीय प्राथमिक सहकारी समिति लिमिटेड (पैक्स) के प्रबंधकारिणी समिति के गठन को लेकर मंगलवार को संपन्न हुए चुनाव में चाचा और भतीजे के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कुंज प्रताप सिंह उर्फ साहिल सिंह ने अपने चाचा सुभाष कुमार सिंह को 10 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही वे बेला पैक्स के नए अध्यक्ष निर्वाचित हो गए। मतगणना के दौरान कुंज प्रताप सिंह को कुल 143 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सुभाष कुमार सिंह को 133 मत मिले। चुनाव में कुल 277 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें एक मत अवैध घोषित किया गया। इस तरह चाचा-भतीजे के बीच हुए कांटे के मुकाबले में भतीजे ने बाजी मार ली। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर काशी प्रसाद यादव निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मनीषा देवी, फुलवंती देवी, नीलम देवी, नीरा देवी, तेजनी देवी, मसोमात मनोरमा देवी, महंगी देवी, आशीष कुमार सिंह, बली सिंह, जितेंद्र कुमार राणा, सुमित कुमार पांडेय एवं रंजीत कुमार दांगी निर्वाचित हुए। जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुंज प्रताप सिंह उर्फ साहिल सिंह ने मतदाताओं एवं समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों का हित सर्वोपरि रहेगा। किसानों की समस्याओं का समाधान करना, सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद किसानों तक पहुंचाना तथा पैक्स के माध्यम से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पैक्स के विकास के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को फूल-मालाओं से लादकर बधाई दी और जीत का जश्न मनाया। गौरतलब है कि इससे पूर्व कुंज प्रताप सिंह के पिता सियाराम सिंह बेला पैक्स के अध्यक्ष रह चुके हैं। अब पिता के बाद बेटे को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने से क्षेत्र में इस चुनाव की विशेष चर्चा हो रही है।
इसे भी पढ़े: महागामा नगर पंचायत के वार्ड 12 में पेयजल संकट गहराया: कई दिनों से खराब पड़ा चापाकल, पानी के लिए भटक रहे लोग






1 thought on “हजारीबाग के बेला पैक्स चुनाव में दिलचस्प मुकाबला: भतीजे कुंज प्रताप सिंह ने चाचा को 10 वोटों से दी मात, बने नए अध्यक्ष”