छठ महापर्व सिर पर, मरम्मत नहीं होने से मोहल्लेवासियों में नाराजगी, पानी के लिए भटक रहे लोग, प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल
महागामा (गोड्डा) / वासु कुमार। महागामा नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 में इन दिनों पेयजल संकट ने मोहल्लेवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। वार्ड में लगा चापाकल पिछले कई दिनों से खराब पड़ा हुआ है, लेकिन अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। इसके कारण स्थानीय लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। एक ओर नगर पंचायत क्षेत्र में छठ महापर्व की तैयारियां शुरू होने वाली हैं, वहीं दूसरी ओर मोहल्लेवासियों के सामने पानी की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।स्थानीय लोगों के अनुसार, चापाकल खराब रहने से परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी जुटाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को पानी की व्यवस्था करने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई दिनों से चापाकल खराब है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है छठ महापर्व को लेकर बढ़ी चिंता आगामी छठ महापर्व को देखते हुए मोहल्लेवासियों की चिंता और बढ़ गई है। छठ पर्व में स्वच्छता और शुद्ध जल का विशेष महत्व होता है। व्रतियों को स्नान करने, पूजा की तैयारी करने और अन्य धार्मिक कार्यों के लिए पर्याप्त पानी की आवश्यकता होती है। ऐसे में जब अभी से मोहल्ले में पानी की किल्लत है, तो छठ महापर्व के दौरान स्थिति क्या होगी, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि जब नगर पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी नगर पंचायत प्रशासन की है, तो आखिर कई दिनों से खराब पड़े चापाकल की मरम्मत क्यों नहीं कराई जा रही है क्या प्रशासन किसी बड़ी परेशानी का इंतजार कर रहा है नगर पंचायत प्रशासन से अविलंब मरम्मत की मांग वार्ड संख्या 12 के मोहल्लेवासियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं कार्यपालक पदाधिकारी से मांग की है कि खराब पड़े चापाकल की तत्काल मरम्मत कराकर पेयजल व्यवस्था सुचारू की जाए। साथ ही छठ महापर्व को देखते हुए वार्ड में पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि व्रतियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े अब सवाल यह है कि क्या नगर पंचायत प्रशासन छठ महापर्व से पहले वार्ड संख्या 12 के लोगों को पेयजल संकट से निजात दिला पाएगा या फिर मोहल्लेवासियों को इस बार भी पानी की समस्या के बीच ही पर्व मनाने को मजबूर होना पड़ेगा।






1 thought on “महागामा नगर पंचायत के वार्ड 12 में पेयजल संकट गहराया: कई दिनों से खराब पड़ा चापाकल, पानी के लिए भटक रहे लोग”