तिसरी मनोज लाल बर्नवाल (गिरिडीह)। आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर तिसरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी शंभू नंद ईश्वर ने की। बैठक में विभिन्न ताजिया समितियों के सदस्य, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, समाजसेवी तथा दोनों समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बैठक में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर ने कहा कि मोहर्रम आस्था और अनुशासन का पर्व है तथा इसे आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाया जाना चाहिए। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सभी लोगों को पालन करना अनिवार्य होगा।

बैठक में स्पष्ट रूप से बताया गया कि मोहर्रम जुलूस के दौरान डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी ताजिया जुलूस या अखाड़ा में डीजे बजाने की अनुमति तथा आग की कर्तव्य करने अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पारंपरिक वाद्य यंत्रों के उपयोग को लेकर प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया।
ताजिया समितियों को निर्देश दिया कि ताजिया की ऊंचाई प्रशासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाए। अधिक ऊंचाई होने पर बिजली के तारों एवं अन्य अवरोधों से दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इसलिए सभी समितियां सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें और जुलूस मार्ग की पूर्व जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं।

बैठक में सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर भी चिंता व्यक्त की गई। अधिकारियों ने कहा कि कुछ लोग बिना सत्यापन के भ्रामक, भड़काऊ अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा कर देते हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक या सांप्रदायिक भावना भड़काने वाली सामग्री पोस्ट नहीं करनी चाहिए। प्रशासन की साइबर टीम सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगी और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा जुलूस मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना को देने की अपील की गई।
मौके पर सब इंस्पेक्टर लव कुमार, प्रमुख राजकुमार यादव, अंचल निरीक्षक राजीव रंजन, भंडारी मुखिया पिंकेश सिंह, संतोष सिंह मंडल अध्यक सुनील साव, मो अजीम, मुखिया प्रतिनिधि मुस्तकीम अंसारी, पंचायत समिति मो कादिर अंसारी आदि लोग उपस्थित थे।
इसे भी पढ़े: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर तिसरी में योग शिविर आयोजित, विद्यार्थियों ने किया योगाभ्यास