बोले– बरही विधानसभा के चारों प्रखंडों में रिश्वतखोरी और मनमानी के खिलाफ जारी रहेगी लड़ाई
हजारीबाग। बरही विधानसभा क्षेत्र में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर JLKM ने प्रशासन के समक्ष आवाज बुलंद की है। JLKM केंद्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी कृष्णा यादव ने पदमा प्रखंड के अंचलाधिकारी (सीओ) के विरुद्ध गंभीर आरोपों को लेकर हजारीबाग उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
मामला कुटीपीसी पंचायत से जुड़ा है। ज्ञापन के अनुसार, बीते दिनों भूमि प्रतिवेदन तैयार करने के नाम पर पंचायत समिति सदस्य ननकू मेहता, JLKM मीडिया प्रभारी मुकेश मेहता एवं कृष्णा मेहता से कथित रूप से पैसे की मांग की गई। साथ ही उनके साथ दुर्व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। इसी मामले को गंभीरता से लेते हुए कृष्णा यादव ने उपायुक्त से हस्तक्षेप की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के बाद कृष्णा यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बरही विधानसभा क्षेत्र के चारों प्रखंडों को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना उनका संकल्प है। सरकारी कार्यालयों में गरीब और जरूरतमंद लोगों से रिश्वत मांगना तथा आम जनता के साथ दुर्व्यवहार करना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के हक और सम्मान के लिए भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी आवाज लगातार उठती रहेगी।
उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
इस दौरान प्रखंड अध्यक्ष अनिल मेहता, प्रखंड सचिव नवीन ओझा, पंचायत समिति सदस्य ननकू मेहता, मीडिया प्रभारी मुकेश मेहता, कृष्णा मेहता, राधे मेहता सहित कई अन्य साथी उपस्थित रहे।







