कुम्हारों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, पारंपरिक दीयों की खरीदारी को लेकर लोगों में दिखा उत्साह
चौपारण (हजारीबाग)। दीपावली पर्व को लेकर चौपारण बाजार में रौनक छा गई है। बाजार की दुकानें रंग-बिरंगी झालरों, आकर्षक सजावटी सामान, मिठाइयों और पूजा सामग्री से सज गई हैं। पर्व को लेकर बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। खासकर मिट्टी के दीयों की दुकानों पर खरीदारों की अच्छी चहल-पहल देखने को मिल रही है।
इस बार दीपावली पर पारंपरिक मिट्टी के दीयों की खरीदारी को लेकर लोगों में खास उत्साह नजर आ रहा है। बाजार में छोटे-बड़े आकार के दीये, आकर्षक दीपक और सजावटी मिट्टी के सामान की खूब बिक्री हो रही है। लोग बिजली की रंगीन लाइटों के साथ मिट्टी के दीये खरीदकर घरों को रोशन करने की तैयारी में जुटे हैं।
मिट्टी के दीयों की बढ़ती मांग से कुम्हार परिवारों के चेहरे पर भी खुशी दिखाई दे रही है। कुम्हारों का कहना है कि दीपावली उनके लिए रोजगार और कमाई का विशेष अवसर लेकर आती है। मिट्टी के दीये हमारी परंपरा और संस्कृति का प्रतीक हैं।
वहीं, बाजार में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए दुकानदार भी पर्व को लेकर उत्साहित हैं। दीपावली की खरीदारी के साथ चौपारण का बाजार पूरी तरह त्योहार के रंग में रंगा नजर आ रहा है।






