Giridih News: जर्जर सीढ़ी ढहने से महिला और चार बकरियों की मौत

Craft Samachar
2 Min Read

भुराई गांव में दर्दनाक हादसा, मुआवजे की मांग

तिसरी (Giridih) / मनोज लाल बर्नवाल: गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत गड़कुरा पंचायत के भुराई गांव में एक दर्दनाक हादसे में एक महिला और चार बकरियों की मौत हो गई। घर के अंदर बनी वर्षों पुरानी जर्जर सीढ़ी अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे महिला मलबे में दब गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

बकरियों को बांधने के दौरान हुआ हादसा

मृतका की पहचान चेतलाल राय की पत्नी फुलवा देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि फुलवा देवी घर के अंदर सीढ़ी के नीचे बकरियों को बांध रही थीं। इसी दौरान जर्जर सीढ़ी अचानक ढह गई और वह उसके मलबे में दब गईं। सीढ़ी के नीचे बंधी चार बकरियां भी मलबे में दब गईं, जिससे उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने किया बचाव, लेकिन नहीं बच सकी जान

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर महिला को निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और घटना की जानकारी ली।

आर्थिक तंगी बनी हादसे की वजह

ग्रामीणों के अनुसार घर की सीढ़ी काफी पुरानी और कमजोर हो चुकी थी। आर्थिक तंगी के कारण उसकी मरम्मत नहीं हो सकी थी। हादसे के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को अविलंब उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

इसे भी पढ़े: Giridih: 8 लाख का सुलभ शौचालय बना शोपीस, उद्घाटन से पहले ही जर्जर, तिसरी में सरकारी धन के उपयोग पर उठे सवाल

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

⚠️
Craft Samachar: कंटेंट सुरक्षित है।