तिसरी (Giridih) / मनोज लाल बर्नवाल: नशा मुक्ति अभियान के तहत सोमवार को तिसरी प्रखंड सभागार में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंचलाधिकारी अखिलेश प्रसाद ने संयुक्त रूप से उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों एवं लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। इससे सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी कई गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने सभी लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मदन मंजरबेर की टीम ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे की लत से होने वाली बर्बादी का सजीव मंचन किया। कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से दिखाया कि किस प्रकार नशे की आदत परिवारों को टूटने की कगार पर पहुंचा देती है और युवाओं का भविष्य अंधकारमय बना देती है।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में राजस्व कर्मचारी रितेश केशरी, जितेन्द्र कुमार, नरेश राम, मिथलेश कुमार, रामप्रवेश यादव, सुधीर सिंह आदि ग्रामीण और कर्मी लोग उपस्थित रहे।

