गिरिडीह जिले के तिसरी में शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया ईद-मिलाद-उन-नबी का पर्व

Craft Samachar
2 Min Read

गिरिडीह / मनोज लाल बर्नवाल: जिले के तिसरी प्रखंड में ईद-मिलाद-उन-नबी का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। पर्व को लेकर तिसरी थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर की पहल पर पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती गई।

पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को चिन्हित स्थानों पर तैनात किया गया। थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर ने फ्लैग मार्च के दौरान क्षेत्र के लोगों से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की थी। पुलिस प्रशासन की सक्रियता और स्थानीय लोग ओर प्रतिनिधियों के सहयोग से पूरे प्रखंड में स्थिति सामान्य एवं शांतिपूर्ण बनी रही।

ईद-मिलाद-उन-नबी को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों में विशेष उत्साह देखा गया। लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश की याद में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए तथा एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। कई स्थानों पर जुलूस और धार्मिक गतिविधियों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।

थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर ने कहा कि पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।

पुलिस प्रशासन की पहल और दोनों समुदायों के लोगों के सहयोग से तिसरी प्रखंड में ईद-मिलाद-उन-नबी का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। पर्व के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

⚠️
Craft Samachar: कंटेंट सुरक्षित है।