श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए होगी पुलिस बल की तैनाती, सोने की चेन और कीमती आभूषण पहनकर घाट आने से बचने की अपील
धनबाद/कतरास। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार एवं अंगारपथरा ओपी प्रभारी ने कतरास नदी किनारे स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान छठ पूजा कमेटी के सभी सदस्य मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि कतरास नदी किनारे छठ पूजा में प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में छठव्रती और श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सूर्य मंदिर परिसर सहित पूरे घाट क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि छठ पूजा के दौरान घाट पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
सोने की चेन पहनकर घाट आने से बचें श्रद्धालु
थाना प्रभारी ने श्रद्धालुओं को सतर्क करते हुए बताया कि पिछले वर्षों में छठ घाट पर सोने की चेन छिनतई की घटनाएं सामने आई हैं। इसको देखते हुए लोगों से अपील की गई है कि वे घाट पर सोने की चेन और अन्य कीमती आभूषण पहनकर आने से परहेज करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा छठ पूजा कमेटी के सदस्यों को दें।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और सतर्कता बरतें। प्रशासन का उद्देश्य है कि छठ महापर्व श्रद्धा, शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो।
इसे भी पढ़े: कब मनाया जाएगा भाई दूज और कब होगी चित्रगुप्त पूजा, जानें तिलक का शुभ मुहूर्त








1 thought on “धनबाद: छठ घाटों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, कतरास नदी घाट का अधिकारियों ने किया निरीक्षण”