कोडरमा: कोडरमा-धनबाद रेलखंड के हजारीबाग जिले के चलकुशा प्रखंड स्थित दसरा ब्लॉक हॉल्ट के समीप बुधवार शाम एक संभावित रेल हादसा टल गया। एक ही डाउन ट्रैक पर चल रही दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें काफी नजदीक पहुंच गईं, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि लोको पायलट की सतर्कता और आधुनिक सिग्नल प्रणाली की सक्रियता के कारण समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, पटना से टाटानगर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (22304) डाउन लाइन पर आगे चल रही थी। इसी ट्रैक पर गया से हावड़ा जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (20894) भी उसके पीछे संचालित हो रही थी। दसरा ब्लॉक हॉल्ट के पास पहुंचने पर दोनों ट्रेनों के बीच की दूरी काफी कम हो गई। स्थिति को भांपते हुए पीछे चल रही वंदे भारत के लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक का इस्तेमाल किया। चालक की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते ट्रेन समय पर रुक गई और संभावित दुर्घटना टल गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी सक्रिय हो गए और दोनों ट्रेनों के परिचालन की समीक्षा की गई। आवश्यक समन्वय के बाद दोनों ट्रेनों को सुरक्षित तरीके से हजारीबाग रोड (सरिया) स्टेशन की ओर रवाना किया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं, लेकिन रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में थी और किसी प्रकार का हादसा नहीं हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा मानकों के अनुरूप दोनों ट्रेनों के बीच पर्याप्त दूरी थी और एहतियात के तौर पर चालक ने ट्रेन की गति नियंत्रित की थी। रेलवे सूत्रों के अनुसार पूरे मामले की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति न हो। राहत की बात यह रही कि दोनों ट्रेनों में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे और कुछ समय बाद रेल परिचालन सामान्य हो गया।
इसे भी पढ़े: वेनेजुएला में दो शक्तिशाली भूकंपों से भारी तबाही, 10 हजार से अधिक मौतों की आशंका