Home | झारखंड | बिहार | देश-विदेश | खेल | मनोरंजन | क्राइम | शिक्षा | हेल्थ | राजनीति | राशिफल

विष्णुगढ़: टेकलाल महतो की पुण्यतिथि पर याद आया संघर्ष और जनसेवा का आदर्श

बनासो स्थित बीएड कॉलेज और पैतृक गांव चानो में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में स्वर्गीय टेकलाल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके सादगीपूर्ण जीवन और जनसेवा को नमन किया गया...
Published: Sep 28, 2026 12:23 PM  •  Updated: Sep 28, 2026 12:23 PM
HIGHLIGHTS
- ADVERTISEMENT -

बनासो और चानो में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, गौरव पटेल बोले – युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है टेकलाल बाबू का जीवन

विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। झारखंड आंदोलन के जननायक, समाज सुधारक, शिक्षाविद, पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय टेकलाल महतो की 15वीं पुण्यतिथि पर रविवार को विष्णुगढ़ प्रखंड के बनासो स्थित बीएड कॉलेज और उनके पैतृक गांव चानो में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान उनके संघर्ष, विचार, सादगी और जनसेवा को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।

struggle and ideals of public service remembered on death anniversary of teklal mahto1

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में स्वर्गीय टेकलाल महतो की पुत्रवधू डॉ. गीता मेहता एवं बड़े पौत्र सह झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य तथा हजारीबाग युवा जिलाध्यक्ष गौरव पटेल ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों, महिला नेत्रियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर टेकलाल महतो को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

जनता के हक-अधिकार के लिए जीवनभर किया संघर्ष

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गौरव पटेल ने कहा कि स्वर्गीय टेकलाल महतो ने अपना पूरा जीवन आम जनता की समस्याओं के समाधान, झारखंडी समाज के हक-अधिकार और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित कर दिया। झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए आंदोलन को मजबूती प्रदान की। मांडू विधानसभा क्षेत्र का लंबे समय तक प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने कहा कि विधायक और सांसद के रूप में स्वर्गीय टेकलाल महतो के कार्यकाल में किए गए विकास कार्य और जनसेवा के योगदान को क्षेत्र की जनता आज भी याद करती है। उनके संघर्ष, विचार और सादगीपूर्ण जीवन आज भी कार्यकर्ताओं और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

गौरव पटेल ने कहा कि स्वर्गीय टेकलाल महतो के बताए रास्ते पर चलकर झारखंड के विकास और आम जनता की आकांक्षाओं को मजबूती दी जा सकती है। युवाओं को उनके संघर्षपूर्ण जीवन से सीख लेकर समाज और राज्य के हित में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने टेकलाल महतो को शत-शत नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यकर्ताओं और महिला नेत्रियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान गौरव पटेल ने उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं एवं महिला नेत्रियों को पारंपरिक झारखंडी गमछा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय टेकलाल महतो के आदर्शों, संघर्ष और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

मौके पर झामुमो विष्णुगढ़ प्रखंड अध्यक्ष कपिल देव चौधरी, प्रखंड सचिव संजय प्रजापति, पूर्व जिला परिषद सदस्य यशोदा देवी, वरिष्ठ महिला नेत्री अंबिया देवी, टाटीझरिया प्रखंड अध्यक्ष रवि सिंह, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि सुरेश यादव, दुलारचंद पटेल, गंगाधर महतो सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़े: टेकलाल बाबू की पुण्यतिथि पर गूंजा झारखंड के अधिकारों का संकल्प

- ADVERTISEMENT -

Craft Samachar

भरोसे की खबरें, हर पल आपके साथ: ब्रेकिंग न्यूज और लाइव अपडेट से तुरंत जुड़े रहें। राजनीति, टेक्नोलॉजी, मनोरंजन समेत हर क्षेत्र की तेज़ और सटीक कवरेज—24×7 आपका विश्वसनीय क्राफ्ट समाचार साथी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment