निदेशक सतीश केशरी ने दिया संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश
चौपारण (हजारीबाग)। प्रखंड के ग्राम दनुआ स्थित नमन दीप पब्लिक स्कूल में सोमवार को आदिवासी संस्कृति और भाई-बहन के अटूट रिश्ते का प्रतीक कर्मा पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में करम डाल की विधि-वत पूजा-अर्चना कर भाइयों की दीर्घायु व सुख-समृद्धि की मंगलकामना की गई।

मांदर और ढोल की थाप पर झूमे स्कूली बच्चे
पूजा-अर्चना के दौरान मांदर और ढोल की धुन पर छात्र-छात्राओं ने मनमोहक झूमर नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक गीतों और थाप पर बच्चों की थिरकन ने पूरे विद्यालय परिसर को उल्लासमय और सांस्कृतिक रंग में रंग दिया।
प्रकृति संरक्षण और सांस्कृतिक मूल्यों का संगम : सतीश केशरी
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक सतीश केशरी ने कहा कि कर्मा पर्व न सिर्फ भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत बनाता है, बल्कि यह हमें प्रकृति की पूजा और संरक्षण का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी परंपरा और संस्कृति से जुड़े रहने का यह अनूठा प्रयास है। साथ ही, श्री केशरी ने बताया कि नमन दीप पब्लिक स्कूल हमेशा से शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर भी बल देता आया है। कर्मा पर्व के आयोजन से विद्यालय में फिर यह साबित किया कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा और संस्कृति का सुंदर संगम यहाँ देखने को मिलता है।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक सतीश केशरी, शिक्षक रंजन रजक, उमेश कुमार, महेश ठाकुर, अमित केशरी, मोनिका कुमारी, अंजलि कुमारी, निशा कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।
इसे भी पढ़े: विष्णुगढ़: कर्मा महोत्सव में बिखरी लोकसंस्कृति की रंगत, प्रकृति और परंपरा संरक्षण का दिया संदेश







1 thought on “चौपारण: नमन दीप पब्लिक स्कूल दनुआ में कर्मा पर्व की धूम: बहनों ने की भाइयों की लंबी उम्र के लिए पूजा”