प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश बोले- कुछ अधिकारी सरकार की छवि खराब करने में जुटे, पूर्व विधायक के साथ मजबूती से खड़ी है पार्टी
रांची। पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के आवास को सील किए जाने की कार्रवाई को लेकर झारखंड की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताते हुए प्रशासन की कार्यशैली और कार्रवाई के समय पर सवाल खड़े किए हैं। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि त्योहार के ठीक पहले इस तरह की कार्रवाई करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी अपने स्तर पर ऐसे फैसले लेकर सरकार की छवि धूमिल कर रहे हैं।
त्योहार के समय कार्रवाई पर कांग्रेस को आपत्ति
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि अंबा प्रसाद के आवास को सील करने की कार्रवाई दीपावली से पहले या त्योहार के 10-15 दिन बाद भी की जा सकती थी। त्योहार के समय इस तरह की कार्रवाई से अनावश्यक विवाद पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों को चिह्नित करने की जरूरत है, जो अपनी वाहवाही के चक्कर में सरकार की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
अंबा प्रसाद के समर्थन में उतरी कांग्रेस
कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी इस मुश्किल घड़ी में पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि अंबा प्रसाद संघर्ष के रास्ते राजनीति में आगे बढ़ी हैं और इस तरह की कार्रवाई से उनका मनोबल कमजोर नहीं होगा। कांग्रेस इस मामले को उचित मंच पर मजबूती से उठाएगी।
जेएमएम ने कार्रवाई को बताया प्रशासनिक मामला
दूसरी ओर, गठबंधन के सहयोगी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इस मामले में अलग रुख अपनाया है। जेएमएम महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि आवास सील करने की कार्रवाई प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत हुई है। इसलिए पहले यह समझना जरूरी है कि किन परिस्थितियों में प्रशासन को ऐसा कदम उठाना पड़ा।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों की जांच होनी चाहिए। सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद ही इस मामले पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है।
फिलहाल अंबा प्रसाद के आवास सीलिंग का मामला राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया है। कांग्रेस जहां कार्रवाई के तरीके और समय पर सवाल उठा रही है, वहीं जेएमएम ने इसे प्रशासनिक प्रक्रिया बताते हुए पूरे मामले की जांच पर जोर दिया है।
इसे भी पढ़े: धनबाद: छठ घाटों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, कतरास नदी घाट का अधिकारियों ने किया निरीक्षण








1 thought on “रांची: अंबा प्रसाद के आवास को सील करने पर गरमाई झारखंड की सियासत: कांग्रेस ने प्रशासन पर उठाए सवाल, जेएमएम ने बताया प्रशासनिक मामला”