काम में दखल और डीजल-खर्च को लेकर विवाद बना हत्या की वजह, आरोपियों की निशानदेही पर जमुई के जंगल से बरामद हुआ शव
गिरिडीह। तिसरी थाना क्षेत्र के खटपोंक स्थित बाधमारी मोड़ से 6 सितंबर को लापता हुए एचएनसी कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी मंजेश कुमार (42) की हत्या के मामले का गिरिडीह पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर मंजेश का शव बिहार के जमुई जिले के चिहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरातरी जंगल से बरामद किया गया।
काम को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, एचएनसी कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर उपेंद्र चौधरी और मुंशी मंजेश कुमार के बीच काम में दखल देने के साथ डीजल और अन्य खर्चों को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस जांच में इसी विवाद को घटना की वजह बताया गया है। मामले में पुलिस ने इम्तियाज अंसारी, शिव कुमार, पिन्टू कुमार यादव और राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है।
एसआईटी ने तेजी से की कार्रवाई
घटना की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी के निर्देश पर खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। टीम ने विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मंजेश कुमार का शव जंगल से बरामद किया गया।
मोटरसाइकिल समेत कई सामान बरामद
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल के अलावा खून लगा पत्थर, सखुआ का डंडा और तीन मोबाइल फोन बरामद किया गया हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़े: विष्णुगढ़: पिंजारिया वन मेले में गूंजा हरियाली बचाने का संदेश, 300 पौधे बांटकर ग्रामीणों ने लिया संकल्प






