झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर निशाना साधने का आरोप लगाया. बोले- सम्मान, अधिकार और नेतृत्व में भागीदारी हमारा हक है, कृपा नहीं.
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भाजपा पर उन्हें निशाना बनाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि भाजपा को उनके नाम से इतनी परेशानी क्यों है? वह वंचित और पिछड़े समाज से आते हैं और अपने समाज के सम्मान, अधिकार तथा नेतृत्व में उचित भागीदारी के लिए आवाज उठाते रहेंगे. डॉ. इरफान अंसारी ने अपने पोस्ट में लिखा है कि भाजपा आए दिन उन्हें निशाना बनाती है, लेकिन वह डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड में उनके समाज की बड़ी आबादी है और समाज के लोगों को भी सम्मान, अधिकार और नेतृत्व में उचित भागीदारी मिलनी चाहिए.
मंत्री ने की कांग्रेस नेतृत्व की तारीफ
स्वास्थ्य मंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कांग्रेस पार्टी और उसके नेतृत्व के प्रति आभार जताया. उन्होंने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, के.सी. वेणुगोपाल और के. राजू का नाम लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने उन्हें पहचान दी और एक मजबूत नेता के रूप में आगे बढ़ने का अवसर दिया. उन्होंने सामाजिक न्याय और वंचित समाज की भागीदारी को महत्व देने के लिए कांग्रेस नेतृत्व की तारीफ की.
बोले- सम्मान हमारा अधिकार, किसी की कृपा नहीं
डॉ. इरफान अंसारी ने अपने पोस्ट में कहा कि सम्मान उनका अधिकार है, किसी की कृपा नहीं. उन्होंने जनता के प्यार को अपनी ताकत और सामाजिक न्याय की लड़ाई को अपना संकल्प बताया. उन्होंने कहा कि वह आखिरी सांस तक अपने समाज और जनता के अधिकारों के लिए लड़ते रहेंगे.







