महंथ अखाड़ा चौक में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, जयंती-अपराजिता बांटकर मांगा आशीर्वाद, बड़की बंधिया में हुआ प्रतिमा विसर्जन
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर विष्णुगढ़ प्रखंड में भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल रहा। नवमी सोमवार को मां दुर्गा की आराधना के बाद मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर विभिन्न मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। पूरे क्षेत्र में मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे। वहीं, विदाई की बेला में श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।

सिंदूर खेला में महिलाओं ने एक-दूसरे को लगाया सिंदूर
विजयादशमी के दिन मंगलवार को विभिन्न दुर्गा मंदिरों में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। पुरोहितों ने श्रद्धालुओं के बीच जयंती एवं अपराजिता का वितरण किया। भक्तों ने नीलकंठ के दर्शन कर अपने और अपने परिवार की सुख-शांति, खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।
चेडरा पंचायत के महंथ अखाड़ा चौक स्थित दुर्गा मंदिर में महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाई। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुखी वैवाहिक जीवन और परिवार की मंगलकामना की। सिंदूर खेला के दौरान आस्था, प्रेम और अपनत्व का भाव देखने को मिला।

बड़की बंधिया में विसर्जित हुई मां दुर्गा की प्रतिमा, भावुक हुए श्रद्धालु
महंथ अखाड़ा चौक स्थित दुर्गा मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का मंगलवार की रात स्थानीय बड़की बंधिया में विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां को विदाई दी। मां के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। नौ दिनों तक मां की आराधना में लीन रहे भक्त विदाई के समय भावुक नजर आए।
श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना करते हुए क्षेत्र में सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि बनाए रखने का आशीर्वाद मांगा। मां की विदाई के साथ ही दुर्गा पूजा का उत्सव संपन्न हो गया, लेकिन भक्तों के मन में अगले वर्ष फिर मां के आगमन की प्रतीक्षा बनी रही।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान आचार्य श्री काली चरण पांडेय, सहयोगी आनंद मिश्रा, अनिल मिश्रा, सुनील कुमार अकेला, सत्यम कुमार पांडेय, ओनिल कुमार, सूरज शर्मा, गौरव दूबे, बीरू पांडेय, राजेश
दूबे, राजीव मिश्रा, सुमित सागर, सूरज भारती, विशाल मिश्रा, मुकेश मिश्रा, दीपक मिश्रा, गोबिंद शर्मा, अनुराग भारती, बिनोद ठाकुर, राजेन्द्र दूबे सहित भारी संख्या में श्रद्धालु गण उपस्थित थे








