13 सितंबर को डांडिया की धूम के साथ होगा प्रतिमा आगमन, बाल नृत्य प्रतियोगिता और माता रानी का जागरण रहेगा खास आकर्षण
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। देवी मंडप परिसर में श्री श्री सार्वजनिक गणपति पूजा समिति की ओर से इस वर्ष भी गणपति पूजा का भव्य आयोजन किया जाएगा। छह दिवसीय इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पूजा महोत्सव के दौरान जहां श्रद्धालु गणपति बप्पा की आराधना में जुटेंगे, वहीं डांडिया, बाल नृत्य प्रतियोगिता, माता रानी का भव्य जागरण और झांकी जैसे कार्यक्रम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजन की शुरुआत 13 सितंबर, रविवार को सुबह 11 बजे गणपति बप्पा की प्रतिमा के आगमन के साथ होगी। प्रतिमा आगमन के दौरान डांडिया प्रस्तुति भी होगी। इसके बाद 14 सितंबर, सोमवार को दोपहर तीन बजे विधिवत पूजा प्रारंभ की जाएगी। संध्या आरती के बाद रात सात बजे से बाल नृत्य प्रतियोगिता आयोजित होगी।
15 सितंबर, मंगलवार को दैनिक पूजन एवं संध्या आरती के साथ रात सात बजे से बाल नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वहीं 16 सितंबर, बुधवार को दैनिक पूजन और संध्या आरती के बाद रात सात बजे से माता रानी का भव्य जागरण एवं झांकी प्रस्तुति होगी।

आयोजन के निवेदक डीएमटी क्लब, विष्णुगढ़, हजारीबाग की ओर से श्रद्धालुओं से सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। समिति की ओर से आयोजन को व्यवस्थित एवं भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है, ताकि श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद ले सकें।
17 सितंबर, गुरुवार को दैनिक पूजन एवं संध्या आरती के बाद रात सात बजे से बाल नृत्य प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला होगा। फाइनल मुकाबले के बाद विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
महोत्सव के अंतिम दिन 18 सितंबर, शुक्रवार को दैनिक पूजन एवं हवन का आयोजन होगा। इसके बाद दोपहर दो बजे गणपति बप्पा की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा। इसके साथ ही छह दिवसीय गणपति पूजा महोत्सव का समापन होगा।

पूजा समिति ने विष्णुगढ़ एवं आसपास के श्रद्धालुओं से परिवार सहित आयोजन में शामिल होकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की है।
इसे भी पढ़े: मनीष जायसवाल को नई जिम्मेदारी से भाजपाइयों में उत्साह, मोदी के जन्मदिवस पर भव्य आयोजन की तैयारी






1 thought on “गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजेगा विष्णुगढ़, छह दिनों तक सजेगा भक्ति और संस्कृति का दरबार”