बंदखारो बाजार टांड़ व तिलैया में कांग्रेस की बैठक, कार्यकर्ताओं ने कहा-झारखंड के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में विष्णुगढ़ पूर्वी मंडल कांग्रेस ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। शनिवार को प्रखंड के बंदखारो बाजार टांड़ में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधेयक के विरोध में आंदोलन को धार देने का निर्णय लिया। बैठक में चानो, सारूकुदर, जोबर, नागी एवं मडमो पंचायत के कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके अलावा तिलैया में हुई बैठक में गाल्होबार, नरकी एवं खरकी पंचायत के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सह मुखिया संघ के अध्यक्ष उत्तम महतो ने की, जबकि संचालन रामजी मांझी ने किया। बैठक में वक्ताओं ने एक स्वर में विधेयक को झारखंड के हितों के प्रतिकूल बताते हुए इसे वापस लेने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर तक लोगों को जागरूक करते हुए आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
आंदोलन के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार रहने का आह्वान
मंडल अध्यक्ष उत्तम महतो ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास जनहित और अधिकारों की लड़ाई को लेकर संघर्ष करने का रहा है। पार्टी ने हमेशा जनसरोकार के मुद्दों पर आंदोलन का रास्ता अपनाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी आंदोलन के लिए पूरी तरह तैयार रहने और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया।

बैठक का संचालन करते हुए रामजी मांझी ने कहा कि कांग्रेस सभी जाति और धर्म के लोगों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने झारखंड आंदोलन से जुड़े नेताओं विनोद बिहारी महतो, शिबू सोरेन, शिव महतो, टेकलाल महतो एवं ए.के. राय का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे संघर्ष और आंदोलन के बाद झारखंड अलग राज्य का गठन हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीतियों से झारखंड के आदिवासी एवं स्थानीय लोगों के हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बड़े औद्योगिक घरानों को लाभ पहुंचाने का भी आरोप लगाया। रामजी मांझी ने कहा कि विष्णुगढ़ की धरती संघर्ष और शहादत की धरती रही है तथा यहां के लोग अपने अधिकारों की लड़ाई में हमेशा आगे रहे हैं।

10 सितंबर को प्रखंड कार्यालय घेराव
बैठक में निर्णय लिया गया कि खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में 10 सितंबर को विष्णुगढ़ प्रखंड कार्यालय का घेराव किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को आंदोलन से जोड़ने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
नेताओं ने कहा कि खनिज संपदा और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े किसी भी निर्णय में झारखंड के लोगों के हितों और अधिकारों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इसी मुद्दे को लेकर आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
बैठक में प्रखंड अध्यक्ष गुरु प्रसाद साव, जिला सचिव वासुदेव महतो, प्रखंड महासचिव परमेश्वर महतो, फूलचंद महतो, टेकलाल महतो, कालेश्वर महतो, शंकर महतो, नारायण महतो, गुलाब राम, मोहन महतो, मेराज अंसारी, ईश्वर महतो, झरी मांझी, छोटेलाल सोरेन, बाबूलाल मांझी, कार्तिक मांझी, सरजू तूरी, बबलू मुर्मू, सोनाराम हेंब्रम, बुधन महतो, निरंजन महतो, भागीरथ महतो, कर्मा मांझी, ललकु तूरी, किशोर महतो, सुरेश बेसरा, रंजीत शर्मा, कन्हाई महतो एवं दिनेश मरांडी समेत कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इसे भी पढ़े: चौपारण: दैहर में गूंजा गुरुवंदन, पंचायत सचिवालय में शिक्षकों का हुआ भगवत गीता देकर सम्मान










1 thought on “खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस का बिगुल, 10 सितंबर को विष्णुगढ़ प्रखंड कार्यालय घेराव”