एसआईआर कार्यक्रमों से लेकर सेवा संकल्प अभियान तक की तैयारियों पर मंथन, बूथ कमेटियां शीघ्र पूरा करने का निर्देश
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। विष्णुगढ़ पश्चिम मंडल भाजपा की मासिक बैठक शनिवार को गोविंदपुर में मंडल कार्यकर्ता वकील सिंह के आवास पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रवि कुमार पांडेय ने की, जबकि संचालन मंडल महामंत्री राजेश सोनी ने किया। बैठक में विष्णुगढ़ पश्चिम मंडल के प्रभारी भुवनेश्वर पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों तथा बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मंडल प्रभारी भुवनेश्वर पटेल ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बूथ स्तर पर बेहतर समन्वय से ही संभव है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की जरूरत है।
अब अलग-अलग शक्ति केंद्रों में होगी मासिक बैठक
बैठक में निर्णय लिया गया कि अब विष्णुगढ़ पश्चिम मंडल की मासिक बैठक प्रत्येक माह अलग-अलग शक्ति केंद्रों में आयोजित की जाएगी। इससे विभिन्न क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं की बैठक में भागीदारी सुनिश्चित होने के साथ स्थानीय स्तर की संगठनात्मक समस्याओं और आवश्यकताओं पर भी सीधे चर्चा की जा सकेगी।
बैठक में एसआईआर के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। मंडल प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को संबंधित कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा संगठन के निर्देशों के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया।
सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी बनी रूपरेखा
इसके अलावा संत रविदास जी की प्रस्तावित कलश यात्रा और अन्य आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं समर्पण से जुड़े सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।
मंडल प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों की सफलता के लिए अभी से तैयारी शुरू करने की अपील की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बूथ कमेटियों का गठन शीघ्र पूरा कर उसकी सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में मंडल महामंत्री गौतम भारती, मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार मिश्रा, सोशल मीडिया प्रभारी जीवन सोनी, शंकर सिंह, वकील सिंह, रवि कुमार, तिलेश्वर साहू सहित गोविंदपुर क्षेत्र के विभिन्न बूथ अध्यक्ष एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़े: खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस का बिगुल, 10 सितंबर को विष्णुगढ़ प्रखंड कार्यालय घेराव







