Hazaribagh: आजादी के वर्षों बाद पहली बार गांव में पहुंची बिजली, विधायक ने किया विद्युतीकरण कार्य का उद्घाटन

Craft Samachar
3 Min Read

पारंपरिक आदिवासी नृत्य के साथ हुआ विधायक का स्वागत, पहली बार घरों में जले बल्ब तो ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे

चौपारण (Hazaribagh): आजादी के वर्षों बाद चौपारण प्रखंड की करमा पंचायत अंतर्गत ग्राम असनाचुवां के आदिवासी बहुल टोला अम्बाडीह में पहली बार बिजली पहुंची। बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने गांव में विद्युतीकरण कार्य का विधिवत उद्घाटन किया। वर्षों से अंधेरे में जीवन बिता रहे ग्रामीणों के घरों में जब पहली बार बिजली के बल्ब जले तो पूरे गांव में खुशी का माहौल बन गया। गांव पहुंचने पर विधायक मनोज कुमार यादव का ग्रामीणों ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य, मांदर की थाप और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ भव्य स्वागत किया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

चुनावी वादा पूरा होने पर जताई खुशी

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने अम्बाडीह टोला को अंधेरे से मुक्त कर बिजली पहुंचाने का जो वादा किया था, उसे पूरा कर उन्हें अत्यंत खुशी और संतोष का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है और सड़क, पेयजल, शिक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का भी चरणबद्ध तरीके से समाधान कराया जाएगा।

गांव अंधेरे से उजाले की ओर बढ़ा

विधायक प्रतिनिधि एवं स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि राजदेव यादव ने कहा कि विधायक मनोज यादव ने पूरे गांव को अंधेरे से निकालकर उजाले की ओर ले जाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह केवल बिजली का उद्घाटन नहीं, बल्कि गांव के विकास की नई शुरुआत है।

ग्रामीणों ने जताया आभार

ग्रामीण बलिराम मुंडा और महेंद्र मुंडा ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद पहली बार उनके गांव में बिजली पहुंची है। उन्होंने कहा कि अब बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और ग्रामीणों का जीवन पहले से अधिक सुगम होगा। इसके लिए पूरे गांव की ओर से विधायक का आभार व्यक्त किया गया। मौके पर विधायक प्रतिनिधि राजदेव यादव, समाजसेवी लक्ष्मण साव, समाजसेवी रामचंद्र सिंह, नरेश यादव, गौतम गुप्ता, रामु तुरी, सुभाष यादव, नरेश यादव, अर्जुन यादव, अजय यादव, कारू केशरी, बलिराम मुंडा, महेंद्र मुंडा, सोमा मुंडा, लक्की राम मुंडा, लालमोहन मुंडा, जगमोहन मुंडा, बसंत मुंडा, भक्ता मुंडा, बिरसा मुंडा, मंदरु मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़े: गिरिडीह: पहली ही बारिश में बह गया 2 करोड़ का पुल का एप्रोच, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

⚠️
Craft Samachar: कंटेंट सुरक्षित है।