Giridih: अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को बेंगाबाद प्रशासन ने मोतीलेदा बालू घाट पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। अंचल अधिकारी सफी आलम के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। हालांकि थाना ले जाने के दौरान चालक ने ट्रैक्टर लेकर भागने का प्रयास किया, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
जानकारी के मुताबिक, जब्त किए गए ट्रैक्टर को थाना भेजने के लिए अंचल अधिकारी ने उस पर एक चौकीदार को बैठाया था। इसी दौरान चालक अचानक वाहन को तेज गति से लेकर भागने लगा। तेलोनारी गांव के पास पहुंचते ही चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। गनीमत रही कि दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक और चौकीदार दोनों सुरक्षित बच गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही बेंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार, मोतीलेदा बालू घाट से एनजीटी के नियमों की अनदेखी करते हुए प्रतिदिन बड़ी मात्रा में बालू का उठाव किया जाता है, जिससे अवैध कारोबार को बढ़ावा मिल रहा है। अंचल प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इसे भी पढ़े: चाईबासा में सड़क हादसे के घायलों की मदद करने वाले राजाराम को किया गया सम्मानित